नीमच

नीमच में अजयसिंह ने कहा मुख्यमंत्री हों या मंत्री, गलत तरीके से संपत्ति अर्जित करने पर हो कार्रवाई

संगठन मजबूत करने और पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोडऩे के अभियान पर निकले हैं पूर्व अजयसिंह, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में फूंकी नई जान
2 min read
Jun 25, 2026
Neemuch Breaking News
कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजयसिंह।

नीमच. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट से सात बार विधायक रहे अजयसिंह ने कहा है कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की जवाबदेही आम नागरिकों से कम नहीं हो सकती। यदि कोई मुख्यमंत्री, मंत्री या अन्य जनप्रतिनिधि अपने पद का दुरुपयोग कर गलत तरीके से संपत्ति अर्जित करता है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होना आवश्यक है।

सरकारी योजना का व्यक्तिगत लाभ उठाना गंभीर विषय
नीमच प्रवास के दौरान गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए अजयसिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े भूमि खरीद मामले पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जमीन खरीदना कोई अपराध नहीं है, लेकिन यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपने पद का उपयोग कर किसी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए यह गलत है। लाभ हासिल करने के साथ भूमि की कीमत बढ़ाकर व्यक्तिगत लाभ लिया जाए तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्देे को लगातार उठा रही है। यदि लगाए गए आरोपों में तथ्य हैं तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। लोकतंत्र में कानून सभी के लिए समान है और जवाबदेही भी सभी की समान रूप से तय होनी चाहिए।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने अभियान
अजय सिंह ने बताया कि उन्हें कांग्रेस संगठन द्वारा प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी उद्देश्य से वे विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। उनका लक्ष्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करना, पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पुन: सक्रिय करना तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनेक ऐसे समर्पित कांग्रेसजन हैं जो विभिन्न कारणों से सक्रिय राजनीति से दूर हो गए हैं। पार्टी का प्रयास है कि ऐसे अनुभवी कार्यकर्ताओं को पुन: संगठन से जोड़ा जाए ताकि उनके अनुभव और ऊर्जा का लाभ संगठन को मिल सके।

आगामी चुनावों की तैयारी में जुटी कांग्रेस
अजय सिंह ने विश्वास जताया कि संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से कांग्रेस आगामी चुनावों में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में चल रहा संगठन विस्तार अभियान पार्टी की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कांग्रेस नेतृत्व कार्यकर्ता संवाद, संगठन विस्तार और जनसंपर्क के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति दे रहा है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद चौपड़ा, पीयूष चौपड़ा, डॉ. पृथ्वीसिंह वर्मा, संदीप चौधरी आदि उपस्थिति रहे।

Published on:
25 Jun 2026 11:53 am