नीमच

नीमच में होटल, रेस्टोरेंट में फायर सेफ्टी को लेकर ढुलमुल नीति

होटल, रेस्टोरेंट, मेरिज गार्डन संचालक को करना होगी फायर सेफ्टी मॉकड्रील, फायर सेफ्टी एवं बिजली सुरक्षा ऑडिट भी अनिवार्य रूप से करवाएं

2 min read
Jun 16, 2026
Neemuch Breaking News
कलेक्टर ने होटल, रेस्टोरेंट मेरिज गार्डन संचालकों की ली बैठक।

नीमच. जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं मेरिज गार्डन संचालक फायर सेफ्टी ऑडिट एवं मॉकड्रील अवश्य करवाएं। मॉकड्रील में जो भी कमी पाई जाए, उनका सुधार अवश्य करें। जिले में संचालित ढाबों पर भी कोई अवैधानिक गतिविधियां न हो। ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से ढाबों के बाहर, मुख्य सडक़ के आवागमन का फुटेज भी रिकार्ड हों, ऐसी व्यवस्था करें।

सुरक्षित प्रवेश और सुरक्षित निकासी की हो व्यवस्था
यह निर्देश कलेक्टर हिमांश चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित रेस्टोरेंट,मेरिज गार्डन संचालकों की बैठक में दिए। बैठक में निर्देश दिए कि सभी होटल संचालक, रेस्टोरेंट एवं मैरिज गार्डन में सुरक्षित प्रवेश और सुरक्षित निकासी की व्यवस्था हो। आपात स्थिति में निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी रहे, यह सभी संचालक सुनिश्चित करें। साथ ही होटल रेस्टोरेंट, मेरिज गार्डन के बाहर वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो। सडक़ पर वाहन पार्किंग न हो, यातायात में कोई व्यवधान न हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। बैठक में कलेक्टर ने सभी होटल रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का अक्षरश: पालन करें। ग्राहकों को अच्छी गुणवत्ता की खाद्य सामग्री ही उपलब्ध करवाएं। संस्थान में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने विद्युत सुरक्षा के मानकों का पालन करने पुरानी विद्युत लाईन फिटिंग, एसी व अन्य विद्युत उपकरणों को चेक करवाकर आवश्यकता के अनुसार सुधार करवाने के निर्देश भी दिए।

विदेशी आंगतुकों की सी फार्म भरकर दें सूचना
बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि सभी होटल संचालक, रेस्टोरेंट में आंगतुकों ठहरने वालों की आईडी व रिकार्ड सुव्यवस्थित तरीके से संधारित करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान में ठहरता है तो उसकी सूचना पुलिस को अवश्य दें। एसपी ने कहा कि विदेशी आंगतुकों की सूचना निर्धारित सी फार्म में भरवाकर संबंधित पुलिस थानों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। बैठक में होटल, मेरिज गार्डन, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में एडीएम बीएस कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन व अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
16 Jun 2026 11:37 am