नीमच

एमपी के नीमच में अचानक 100 फीट की ऊंचाई से गिरी लिफ्ट, 6 मजदूर घायल

Lift Collapse Incident: मध्य प्रदेश के खिमला प्लांट परिसर मजदूर ऊंचाई पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान कार्य में उपयोग किया जा रहा वेल्डिंग टक (प्लेटफॉर्म) अचानक टूट गया।

2 min read
Jun 07, 2026
Lift collapse from 100 feet height injuring 6 workers
Lift collapse from 100 feet height injuring 6 workers (फोटो- Patrika.com)

Lift Collapse Incident: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक बड़ा हादसा हो गया जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जिले के रामपुरा तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित खिमला प्लांट में रविवार को एक औद्योगिक हादसा हो गया, जिसमें 6 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए नीमच रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि सभी घायल मजदूर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

वेल्डिंग कार्य के दौरान टूटी लिफ्ट, 100 फीट की ऊंचाई से गिरे मजदूर

प्राप्त जानकारी के अनुसार खिमला प्लांट परिसर में कार्य के दौरान मजदूर ऊंचाई पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान कार्य में उपयोग किया जा रहा वेल्डिंग टक (प्लेटफॉर्म) अचानक टूट गया, जिससे उस पर मौजूद मजदूर नीचे गिर गए और घायल हो गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई तथा मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

घायल मजदूरों को किया गया रेफर, हालत सामान्य

हादसे में घायल मजदूरों में से पहले चार को नीमच भेजा गया, जबकि बाद में अन्य घायलों को भी उपचार के लिए रेफर किया गया। सभी घायलों को नीमच स्थित ज्ञानोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया,जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।इस संबंध में फैक्ट्री प्रबंधन के सदस्य नीरज मीणा ने बताया कि प्लांट परिसर में कुछ मजदूर वेल्डिंग कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वेल्डिंग का टक टूट जाने से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ा हादसा नहीं था। घटना में करीब 6 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से दो को मामूली फ्रैक्चर आया है। सभी घायलों का उपचार नियमित रूप से चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है।

खतरे से बाहर है मजदूर, चल रहा इलाज

वहीं डॉ. अभिषेक शर्मा, ज्ञानोदय हॉस्पिटल, नीमच ने बताया कि गांधी सागर क्षेत्र स्थित खिमला प्लांट से 6 घायल मजदूरों को अस्पताल लाया गया था। सभी घायलों की जांच और उपचार किया गया है। इनमें से दो मजदूरों को शाम तक छुट्टी दिए जाने की संभावना है, जबकि शेष चार का उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि किसी भी मजदूर को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी जल्द स्वस्थ होकर घर लौट सकेंगे। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है, वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Published on:
07 Jun 2026 07:14 pm