16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमडी ड्रग के काले कारोबार पर सीबीएन ने कसी नकेल

सीबीएन की लगातार बड़ी कार्रवाई: तीन मामलों में मेफेड्रोन और डोडाचूरा जब्त, पांच तस्कर गिरफ्तार, दो दिनों में 191 ग्राम मेफेड्रोन, 53.880 किलो डोडाचूरा और तीन बाइक जब्त
2 min read
Google source verification

नीमच

image

Mukesh Sharaiya

Jul 16, 2026

Neemuch Breaking News

तस्करों से जब्त किया गया मादक पदार्थ।

नीमच. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई ने लगातार कार्रवाई करते हुए 13 और 14 जुलाई को तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। इन अभियानों में कुल 191 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) तथा 53.880 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गईं तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

मंदसौर में 111 ग्राम मेफेड्रोन के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार सभी मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। मादक पदार्थों की आपूर्ति शृंखला से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क (फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक) की भी गहन जांच की जा रही है। पहले मामले में सीबीएन मंदसौर प्रथम खंड को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से मंदसौर से सुवासरा-गरोठ की ओर अवैध मेफेड्रोन की खेप लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर मंदसौर-सीतामऊ मार्ग पर घेराबंदी की गई। संदिग्ध वाहन की तलाशी लेने पर 111 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ, जिसे पॉलीथिन में छिपाकर रखा गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।

नन्दावता-करनाखेड़ी मार्ग पर मेफेड्रोन बरामद
दूसरे मामले में डीएनसी कार्यालय नीमच की टीम ने सूचना के आधार पर नन्दावता-करनाखेड़ी मार्ग पर कार्रवाई की। प्रतापगढ़ से मंदसौर की ओर जा रही मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर 80 ग्राम अवैध मेफेड्रोन बरामद हुआ। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की गई।

54 किलो डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी पकड़े
तीसरे मामले में सीबीएन नीमच तृतीय खंड की टीम ने रुपनी-रनायरा मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बेटीखेड़ी के पास एक मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक बैगों से 53.880 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (लांस्ड, अनलांस्ड एवं भूसी) बरामद किया गया। इस मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। सीबीएन ने तीनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चैन और इससे जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचने के लिए विस्तृत विवेचना की जा रही है। सीबीएन अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश इकाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। नशा मुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को सफल बनाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।