नीमच

राजस्थान बॉर्डर पर वसूली से भड़के ट्रक चालक, RTO की चौकी जलाई

Nayagaon Barrier Uproar : नयागांव बैरियर पर जांच के दौरान विवाद ने पकड़ा तूल, नीमच-मऊ मार्ग ठप हुआ, सड़क के दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारें।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
Nayagaon Barrier Uproar
हंगामे के चलते मार्ग पर लगा लंबा जाम (फोटो सोर्स: Patrika)

Neemuch News :मध्य प्रदेश के नीमच जिले के राजस्थान बॉर्डर के पास नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार शाम वाहनों की जांच के दौरान शुरू हुआ विवाद चक्काजाम और आगजनी तक पहुंच गया। ट्रक चालक से कथित मारपीट के विरोध में आक्रोशित वाहन चालकों ने पहले सड़क पर जाम लगा दिया। इससे नीमच-मऊ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई। विरोध के बीच बैरियर परिसर में बनी आरटीओ की एक गुमटी में आग लगा दी गई। गुमटी से लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सीमा क्षेत्र में बने तनावपूर्ण माहौल के बीच सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीर जाम में फंस गए।

जांच के दौरान कहासुनी, मारपीट के आरोप से बढ़ा आक्रोश

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, नीमच-राजस्थान बॉर्डर पर स्थित नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार शाम वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान आरटीओ अमले और एक ट्रक चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद चालक के साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी दूसरे वाहन चालकों तक पहुंची तो नाराजगी बढ़ने लगी। चालक के समर्थन में अन्य वाहन चालक भी विरोध में उतर आए।

पहले चक्काजाम, फिर गुमटी में लगाई आग

विरोध बढ़ने के साथ वाहन चालकों ने नीमच-मऊ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही रुकने लगी और देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इसी हंगामे के बीच बैरियर परिसर में बनी आरटीओ की एक गुमटी में आग लगा दी गई। आगजनी की घटना सामने आते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। विवाद के बाद शुरू हुआ विरोध अब सड़क जाम और आगजनी में बदल चुका था। हालांकि, आग लगाने वालों और घटना के सटीक क्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जाम में फंसे वाहन, आवागमन प्रभावित

चक्काजाम के कारण नीमच-मऊ मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। ट्रक, मालवाहक वाहन और अन्य गाड़ियां सड़क पर कतार में खड़ी रहीं। दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बॉर्डर पर अचानक बने हालात के कारण आवागमन बाधित हो गया।

Updated on:
19 Oct 2026 07:02 pm
Published on:
19 Oct 2026 06:58 pm