नीमच

‘चायवाली’ बनी मिसाल, नीमच के ठेले पर भूला सोने-चांदी से भरा बैग, रेखा ने मालिक को लौटाया

Tea Seller Rekha Nayak- ठेले पर सोने-चांदी के आभूषणों (Gold-Silver jewellery) से भरा बैग भूलकर गए कस्टमर, चायवाली रेखा नायक ने लौटाया। लोगों के लिए बनी ईमानदारी की मिसाल।
2 min read
Jun 28, 2026
neemuch tea seller rekha nayak returns gold-silver jewellery bag
Tea Seller Rekha Nayak- सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लौटाकर चायवाली रेखा बनी ईमानदारी की मिसाल (फोटो सोर्स- Patrika)

Gold-Silver jewellery- आज के दौर में जहां लोगों का भरोसा लगातार कम होता जा रहा है, वहीं नीमच में एक गरीब महिला ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने मिसाल पेश की है। बामनबड़ी निवासी रेखा नायक, जो बस स्टैंड पर चाय का ठेला (Tea Seller Rekha Nayak) लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं, ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग उसके मालिक को सुरक्षित लौटाकर मानवता और ईमानदारी का परिचय दिया।

चाय के ठेले पर बैग भूल गया गुर्जर परिवार, रेखा ने पुलिस थाने पहुंचाया

जानकारी के अनुसार अजमेर जिले के इयालियां गांव निवासी लादूराम गुर्जर अपने परिवार के मायरा कार्यक्रम में शामिल होने गांधीसागर जा रहे थे। वे अजमेर से ट्रेन द्वारा नीमच पहुंचे और बस स्टैंड पर चाय-नाश्ता करने के दौरान आभूषणों से भरा अपना बैग रेखा नायक के ठेले पर ही भूल गए। बैग में सोने और चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे।रेखा नायक को जब बैग मिला तो उन्होंने उसे सुरक्षित रख लिया। दुकान बंद करने के बाद भी उन्होंने बैग अपने पास सुरक्षित रखा ताकि कोई अन्य व्यक्ति उसे ले न जाए। बाद में थाने पर सम्पर्क होने पर उन्होंने बैग के मालिक को सूचना दी और उन्हें कोतवाली थाने बुलाकर पुलिस की मौजूदगी में पूरा बैग सुरक्षित सौंप दिया।

गुर्जर परिवार ने रेखा को सम्मानित करने की रखी मांग

बैग वापस मिलने पर लादूराम गुर्जर ने रेखा नायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार से होने के बावजूद रेखा नायक ने लालच में आए बिना पूरा सामान लौटा दिया, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रशासन और समाज से ऐसी ईमानदार महिलाओं को सम्मानित करने की भी मांग की, ताकि अन्य लोगों को भी ईमानदारी की प्रेरणा मिल सके।

नहीं चाहिए फोकट का सामान- रेखा ने कहा

वहीं रेखा नायक ने बेहद सादगी से कहा कि उन्हें किसी की मेहनत की कमाई नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, "हम मेहनत करके कमाते हैं, फोकट का किसी का सामान नहीं चाहिए। इसलिए बैग सुरक्षित रखकर उसके मालिक को लौटा दिया।"रेखा नायक की इस ईमानदारी की पूरे शहर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे उदाहरण समाज में विश्वास और मानवता को मजबूत करते हैं तथा ईमानदारी का संदेश देने का काम करते हैं।

Published on:
28 Jun 2026 06:30 pm