
नीमच. लम्बे इंतजार और बार बार स्थल चयन में व्यवधान उत्पन्न होने के बाद अंतत: शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक दो परिसर में सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल भवन निर्माण के लिए भूमि का चयन हो ही गया। केवल भूमि चयन ही नहीं हुआ, मौके पर लेआउट भी तैयार कर दिया गया है। आगामी कुछ दिनों में स्कूल भवन निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा।
विवादों के बीच अंतत: हुआ भूमि चयन
जिले में तीन नीमच, जावद और मनासा में सांदीपनि स्कूलों का एकसाथ चयन हुआ था। इनमें से जावद व मनासा में स्कूल भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। वहां नियमित कक्षाएं संचालित हो रही हैं। दोनों तहसीलों के सैकड़ों विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त बेहतर शिक्षा मिल रही है। दूसरी ओर पिछले दो-ढाई सालों से नीमच जिला मुख्यालय पर स्कूल निर्माण के लिए भूमि तक का चयन नहीं हो पा रहा था। पहले हवाई पट्टी के समीप केंद्रीय विद्यालय से लगी भूमि का चयन किया गया था। वहां भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से नए स्थल की तलाश प्रारंभ की गई। इसके बाद नगरपालिका परिषद ने बैठक में प्रस्ताव पारित कर विवाद भूमि (ग्वालटोली के समीप ईंट भा) में स्कूल भवन के लिए भूमि आवंटित कर दी। इस पर ईंट भा संचालक कोर्ट से स्टे ले आए। इससे भूमि चयन फिर से विवादों में उलझ गया। पिछले एक साल से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक दो परिसर में नए भवन निर्माण को लेकर कवायद चल रही थी। भूमि चयन भी कर लिया गया था, लेकिन अचानक नाटकीय मोड़ आ गया। स्कूल के विद्यार्थियों ने भवन निर्माण का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। उनका तर्क था कि शैक्षणिक सत्र के मध्य में स्कूल भवन निर्माण होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। अब चूंकि सत्र भी बीत चुका हुआ है। ऐसे में सभी तरह के व्यवधान दूर हो चुके हैं। अब सांदीपनि स्कूल भवन निर्माण की सभी रुकावटें भी दूर हो गई हैं।
स्कूल परिसर में किया गया लेआउट
जिले में शिक्षा के स्तर को उन्नत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 39.23 करोड़ की लागत से निर्मित किए जा रहे सांदीपनि विद्यालय भवन के निर्माण कार्य हेतु क्रमांक-2 में लेआउट किया गया है। परियोजना क्रियान्वयन इकाई के इंजीनियर रिंकू चौहान ने बताया कि इस परियोजना की लागत 39.23 करोड़ की लागत से बनने वाला यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसका उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। स्कूल भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 में स्थल का लेआउट पूर्ण कर लिया गया है। अब शीघ्र ही भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सांदीपनि विद्यालय के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
इनका कहना है
पालक महासंघ के जिलाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि पिछले दो सालों से सांदीपनि स्कूल भवन निर्माण को लेकर सतत संघर्ष किया जा रहा था। भूमि चयन को लेकर हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे थे। अब स्कूल भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही नीमच और आसपास के सैकड़ों विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। विधायक दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि लम्बे इंतजार के बाद सांदीपनि स्कूल भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। भूमि चयन के साथ ही लेआउट किया जा चुका है। आगामी एक-दो सप्ताह में निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। भवन बनने से सैकड़ों विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।