
Neemuch Gold Kalash Theft: मध्यप्रदेश के नीमच में मंदिर के शिखर से स्वर्ण कलश चोरी होने के बाद पुलिस जांच के साथ अब ग्रामीणों की आस्था भी न्याय की आस में देवी दरबार तक पहुंच गई है। पलासिया गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण रविवार को आदिवासी अंचल में स्थित प्रसिद्ध बस देवी माता मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना कर ग्रामीणों ने माता के सामने चारभुजानाथ मंदिर से चोरी हुए स्वर्ण कलश का मामला रखा और चोरों के पकड़े जाने की अर्जी लगाई।
ग्रामीणों के अनुसार पलासिया स्थित चारभुजानाथ मंदिर के शिखर पर लगा स्वर्ण कलश बुधवार-गुरुवार की रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने सिंगोली थाने पहुंचकर आवेदन दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गया कलश बरामद करने की मांग की है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही ग्रामीणों ने प्रसिद्ध बस देवी माता मंदिर में भी पूजा अर्चना कर चोरी हुए स्वर्ण कलश को वापस दिलाने की अर्जी लगाई है।
रविवार को ग्रामीण बस देवी माता के दरबार में पहुंचे। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद ग्रामीणों ने अपनी परेशानी माता के समक्ष रखी। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के पुजारी देवीलाल भील (भोपा) के शरीर में माताजी आती हैं और इसी दौरान ग्रामीणों ने चोरी की घटना के संबंध में अर्जी रखी। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान उन्हें आश्वासन मिला कि 47 दिन के भीतर चोर पकड़े जाएंगे और चोरी हुआ कलश भी वापस मिल जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने माता के जयकारे लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि वे चोरी की घटना को लेकर चिंतित हैं और चाहते हैं कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचे। धार्मिक स्थल से चोरी की घटना के कारण गांव में नाराजगी भी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी गया कलश बरामद करने की मांग की है। ग्रामीण अशोक धाकड़ ने कहा कि बस देवी माता में ग्रामीणों की गहरी आस्था है। इसी विश्वास के चलते बड़ी संख्या में पलासिया के लोग माता के दरबार में पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की जांच के साथ उन्हें माता के आशीर्वाद और न्याय की उम्मीद भी है। फिलहाल चोरी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। ग्रामीणों की नजर अब पुलिस कार्रवाई के साथ उस 47 दिन की समय-सीमा पर भी टिकी है, जिसका आश्वासन उन्हें देवी दरबार में मिलने का दावा किया गया है।