30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gwalior News: बच्चे को पार्क से लेकर लौट रही महिला से छीनी सुहाग की निशानी

Mangalsutra Snatching: अपाचे बाइक से आए थे बदमाश, महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भागे, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, पुलिस तलाश में जुटी।
2 min read
Google source verification
Gwalior Mangalsutra Snatching

woman mangalsutra chain snatching, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Gemini)

Gwalior Mangalsutra Snatching: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग गैंग ने एक महिला को अपना निशाना बनाया। घटना शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर की है। यहां नाती को पार्क से घुमाकर वापस लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश संकरी गलियों से होते हुए भाग चुके थे। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की तस्वीरें कैद हुई हैं जिनके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

नाती को पार्क से लेकर लौट रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक डीडी नगर स्थित कोठारी हाउस के पास रहने वाली बैजंती बाई (60) अपने नाती को अटल पार्क में घुमाने के बाद वापस घर लौट रहीं थी। इसी दौरान पार्क के पीछे वाली गली में बाइक से आए दो बदमाशों ने उसके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। वारदात होने पर महिला ने शोर मचाया और मदद के लिए लोग को पुकारा, लोग पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

बदमाशों का सुराग लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी खंगाले तो कुछ कैमरों में बदमाश बाइक से जाते हुए कैद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पीड़िता के मुताबिक मंगलसूत्र बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपटा था। उसने मुंह पर सफेद रंग का गमछा लपेटा हुआ था और बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट लगाया हुआ था। पीड़िता ने बताया कि जो मंगलसूत्र बदमाश छीनकर ले गए हैं उसमें सोने के करीब 10 छोटे मोती और एक सोने का पेंडल लगा हुआ था, मंगलसूत्र का वजन करीब एक तोले से अधिक बताया गया है।

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

महाराजपुर पुलिस के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने महिला से मंगलसूत्र झपटा है, कुछ सीसीटीवी कैमरों में आरोपी कैद हुए हैं। महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।