
तिलस्वां घाट के पास हुआ हादसा में मां-बेटे की मौत।
नीमच. रक्षाबंधन का पावन पर्व सिंगोली नगर और जैन समाज के लिए उस समय मातम में बदल गया, जब बिजोलिया से राखी बंधवाकर सिंगोली लौट रहे मां-बेटे की सडक़ दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 28 अगस्त की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच तिलस्वां घाट से कास्या के बीच तिलस्वां रोड पर बने पुल के समीप हुआ।
मोटरसाइकिल से लौट रहे थे घर
हादसे में मनीष मोहिवाल 44 वर्ष और उनकी माता लाड़ बाई 65 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मोटरसाइकिल से सिंगोली लौट रहे थे। दुर्घटना में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसा बाइक से गिरने के कारण हुआ अथवा किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हादसे के दौरान बूंदी से रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे सिंगोली निवासी समाजसेवी शुभम चतुर्वेदी और निक्कू बरदास वहां से गुजर रहे थे। सडक़ पर भीड़ देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और घायलों की मदद के लिए तत्काल आगे आए। दोनों ने घायलों को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली पहुंचाया तथा अस्पताल को भी सूचना दी।
गंभीर घायल होने पर किया कोटा रेफर
सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. हितेश व्यास रक्षाबंधन का पर्व बीच में छोडकऱ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोटों को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को तत्काल कोटा रेफर कर दिया। परिजन निजी साधन से दोनों को कोटा लेकर, जहां देर रात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक साथ मां-बेटे की मौत से शोक की लहर
मृतक मनीष मोहिवाल, सिंगोली के प्रतिष्ठित समाजसेवी हरकचंद जैन मोहिवाल (बर्तन भंडार) के पुत्र थे। मनीष के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 8 और 13 वर्ष की पुत्री हैं। दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। एक ही परिवार में मां और बेटे की एक साथ हुई दर्दनाक मौत की खबर से सिंगोली नगर सहित पूरे जैन समाज में शोक की लहर व्याप्त है। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर हुई इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी को गमगीन कर दिया। मां लाड़ बाई और पुत्र मनीष मोहिवाल की अंतिम यात्रा 29 अगस्त को उनके निज निवास वार्ड क्रमांक 13 सिंगोली से निकाली गई। इसके बाद सिंगोली मोक्षधाम पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
Updated on:
29 Aug 2026 11:54 am
Published on:
29 Aug 2026 11:54 am
