नई दिल्ली

हर मिनट में बनेंगे 1.5 लाख टिकट, अब आठ घंटे पहले बनेगा आरक्षण चार्ट

-रेलवे सुधार कार्यक्रम: यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल -दोपहर 2 बजे तक की ट्रेनों का चार्ट एक दिन पहले रात 9 बजे होगा आरक्षण चार्ट तैयार

2 min read
10 ट्रेनों के बदले गए रूट (पत्रिका फाइल फोटो)

नई दिल्ली। रेलवे में यात्रियों के सुधार के लिए नई योजनाओं को अमली जामा पहनाया जा रहा है। अब आरक्षण प्रणाली को तेज करने पर काम चल रहा है। इस साल के अंत तक नई यात्री आरक्षण प्रणाली लागू हो जाएगी। इसके तहत प्रति मिनट 32 हजार टिकट बनाने की क्षमता को करीब पांच गुना बढ़ाकर प्रति मिनट 1.5 लाख से अधिक कर दिया जाएगा। वहीं आरक्षण चार्ट जारी करने का समय भी बदला जा रहा है। अब ट्रेन समय से चार की बजाय आठ घंटे पहले यह चार्ट जारी होगा। इसे रेलवे चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा।

दरअसल, भारतीय रेलवे यात्रा के अनुभव को यात्री-केंद्रित बनाने पर काम रही है। रेलवे टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए कई कदम उठा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इन सुधारों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टिकटिंग प्रणाली स्मार्ट, पारदर्शी, सुलभ और कुशल होनी चाहिए। योजना यात्री सुविधा पर केंद्रित होनी चाहिए। इस प्रणाली को हमारे यात्रियों के लिए एक सहज और आरामदायक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करना चाहिए।

चार्टिंग में यह होगा सुधार

वर्तमान में आरक्षण चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से चार घंटे पहले तैयार किया जाता है। इससे यात्रियों के मन में अनिश्चितता रहती है। जहां भी यात्री ट्रेन पकडऩे के लिए नज़दीकी इलाके से आ रहे हैं, वहां यह अनिश्चितता गंभीर समस्या पैदा करती है। इस पर रेलवे बोर्ड ने ध्यान देते हुए प्रस्थान से आठ घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार करने का प्रस्ताव दिया है। जबकि दोपहर 2 बजे से पहले प्रस्थान करने वाली ट्रेनों के लिए चार्ट पिछले दिन रात नौ बजे तैयार करने की योजना बनाई। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए बोर्ड को निर्देश दिया कि इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए, ताकि कोई व्यवधान न हो। इस कदम से वेटिंग टिकट वाले यात्रियों की अनिश्चितता कम हो जाएगी। वेटिंग कंफर्म नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए भी अधिक समय मिलेगा।

एक जुलाई से बदलेगी तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था

तत्काल बुकिंग के लिए सुव्यवस्थित प्रमाणीकरण भारतीय रेलवे 1 जुलाई से केवल प्रमाणित उपयोगकर्ताओं को ही आईआरसीटीसी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर तत्काल टिकट बुक करने की अनुमति देगा। इसके अलावा जुलाई अंत से तत्काल बुकिंग के लिए ओटीपी-आधारित प्रमाणीकरण किया जाएगा। प्रमाणीकरण आधार या उपयोगकर्ता के डिजीलॉकर खाते में उपलब्ध किसी अन्य सत्यापन योग्य सरकारी आईडी का उपयोग करके किया जाना चाहिए।

Published on:
30 Jun 2025 11:49 am
Also Read
View All

अगली खबर