
fake universities exposed in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकली विश्वविद्यालयों का भंडाफोड़ हुआ है। UGC ने छात्रों के लिए अलर्ट जारी करते हुए उन सभी 12 विश्वविद्यालयों की सूची भी सार्वजनिक की है, जो फर्जी तरीके से संचालित किए जा रहे थे। इससे पहले ही इन संस्थानों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षा माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि बिना कानून के भय के लगातार फर्जी विश्वविद्यालय खोलते जा रहे हैं। जहां दो वर्ष पहले तक उत्तर प्रदेश सहित आठ राज्यों में ऐसे नकली विश्वविद्यालय सक्रिय थे, वहीं अब इनकी मौजूदगी बढ़कर 12 राज्यों तक फैल चुकी है। इसी तरह, बीते दो वर्षों में फर्जी विश्वविद्यालयों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है और यह 20 से बढ़कर 32 तक पहुंच गई है। नए तौर पर जिन राज्यों में ऐसे विश्वविद्यालय सामने आए हैं, उनमें हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और अरुणाचल प्रदेश के नाम शामिल हैं।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग University Grants Commission (यूजीसी) ने फर्जी विश्वविद्यालयों के बढ़ते नेटवर्क को देखते हुए छात्रों और अभिभावकों को कड़ी चेतावनी जारी की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि देशभर में कई संस्थान बिना किसी वैधानिक मान्यता के विश्वविद्यालय होने का दावा कर रहे हैं और ऐसे संस्थानों में लिया गया प्रवेश छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। यूजीसी ने सलाह दी है कि दाखिले से पहले संबंधित विश्वविद्यालय की मान्यता की जांच उसकी आधिकारिक वेबसाइट या यूजीसी की सूची से अवश्य कर लें। साथ ही आयोग ने दो टूक कहा है कि फर्जी विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने से न केवल डिग्री अमान्य हो जाती है, बल्कि समय और धन की भी भारी बर्बादी होती है, इसलिए छात्र और अभिभावक किसी भी तरह के भ्रामक विज्ञापनों या दावों से सावधान रहें।