
Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली में एक युवक ने प्यार तो कर लिया, लेकिन अंजाम से वह बेखबर था। उसने सोचा नहीं था कि प्यार करने की सजा इतनी बड़ी होगी कि वह अपनों से हमेशा के लिए दूर हो जाएगा। दरअसल, इस प्रेम-प्रसंग से नाराज लड़की के परिजनों ने प्रेमी को जबरन अपने साथ ले गए और क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। युवक को मुंह में लाल मिर्च डालकर इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। इस मामले में मृतक युवक के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिस पर जांच चल रही है।
आपको बता दें कि बर्बरतापूर्वक घटना पश्चिमी दिल्ली में मुंडका थाना क्षेत्र स्थित टीकरी कलां इलाके की है। पुलिस के मुताबिक इस घटना का मुख्य आरोपी लड़की का पिता ही है। दरअसल, नरेश नाम का युवक आरोपी की बेटी से प्यार करता था। इस बात की खबर दोनों के परिवारजनों को थी। इस रिश्ते से लड़की का पिता नाराज चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी की शाम अपने साथियों के साथ बेटी के प्रेमी के घर पहुंच गया। युवक को पहले बुलाया, फिर जबरन कार में खींच कर बैठा लिया और उसे अपने घर लेकर गया। वहीं, इस घटना की भनक नरेश के भाई मोहित को लगी तो वह उसे बचाने के लिए आरोपी के घर गया, लेकिन वहां का मंजर देख उसकी रूह कांप गई।
मोहित ने आरोपी के घर पर देखा कि उसके भाई के साथ क्रूरता की सारी हदें पार की जा रही है। दरअसल, लड़की का पिता अपने तीन साथियों के साथ लकड़ी के फट्टों और प्लास्टिक के पाइप से नरेश को अंधाधुंध पीट रहे थे। इतना ही नहीं, आरोपियों के सिर पर इतना भूत सवार था कि उन्होंने उसके मुंह में जबरदस्ती लाल मिर्च डाल दी थी और फिर उसकी पिटाई कर रहे थे। उसको पीटने के बाद उन्होंने नरेश के परिजन को धमकी दी थी। इस दौरान आरोपियों ने कहा था कि इसका इश्क का भूत उतार देंगे, अब यह इस दुनिया में नहीं बल्कि किसी और दुनिया में रहेगा।
लड़की के पिता ने अपने साथियों के साथ मिलकर नरेश को इतना पीटा था कि वह उसके दरवाजे पर ही अधमरा हो गया था। उसके बाद नरेश को बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने छह फरवरी की रात 1:28 बजे दम तोड़ दिया। नरेश के परिजनों में आरोपियों का इतना खौंफ था कि पहले वह इस घटना को रोड एक्सीडेंट बता रहे थे, लेकिन बाद में पुलिस के सामने सच्चाई सामने आ गई। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश कर रही है।
Published on:
20 Feb 2026 11:26 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
