नई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर: गश्त के दौरान LOC पर हो गया विस्फोट, 2 जवान शहीद

राजौरी में एलओसी से सटी चौकी के पास धमाका हो गया। इससे दो जवान शहीद हो गए। सेना के अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच की बात कही है।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2021, 10:45 PM IST
2 soldiers martyre in blast on loc in jammu and kashmir
2 soldiers martyre in blast on loc in jammu and kashmir

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आज एलओसी से सटी एक चौकी के पास विस्फोट हो गया। इस धमाके में लेफ्टिनेंट समेत दो जवान शहीद हो गए। आर्मी के अधिकारियों की ओर से इस संबंध में जानकारी साझा की है। अधिकारियों ने बताया कि नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में धमाका उस समय हुआ है, जिसमें दो जवान शहीद हो गए।

इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
मिली जानकारी के मुताबिक धमाका उस वक्त हुआ जब सेना की एक कॉलम सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की रोकथाम संबंधी उपायों का जायजा लेने के लिए गश्त कर रहा था। गश्त के दौरान सैनिकों का पैर वहां बारूदी विस्फोटक पर पड़ गया, जिसकी चपेट में आने से एक लेफ्टिनेंट समेत दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद साथियों ने उन्हें तुंरत पास के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया, यहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

मामले की जांच कर रही सेना
सेना के अधिकारियों का कहना है कि प्रथमदृष्टया लग रहा है कि सीमा पर बिछी बारूदी सुरंगों पर पैर रखने की वजह से विस्फोट हुआ है। हालांकि अभी इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में आतंकवादियों की ओर से आईईडी लगाने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। सेना के प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।

गौरतलब है कि सीमा पर आतंकियों की घुसपैठ को रोकने के लिए भारतीय सेना द्वारा बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं। ताकि आतंकी किसी भी तरह की घुसपैठ में कामयाब न हो सके। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है, जांच पूरी होने की बाद ही इस मामले में तस्वीर साफ हो सकेगी।

Published on: