31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राहुल गांधी के दिल्ली मार्च पर फंसा पेंच, पुलिस बोली- रैली के लिए अब तक नहीं मांगी गई अनुमति

Rahul Gandhi Delhi March: राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली में मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि कनॉट प्लेस से मार्च निकालने के लिए अब तक अनुमति नहीं मांगी गई है। नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 भी लागू है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 31 Oct 2026, 2:11 PM IST

rahul gandhi

राहुल गांधी के दिल्ली मार्च पर फंसा पेंच!

Delhi Police Statement: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली में मार्च निकालने का ऐलान किया है। यह मार्च कनॉट प्लेस के पास मिंटो रोड जंक्शन से शुरू होकर अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा। यहां 1 नवंबर को INDIA गठबंधन की बड़ी रैली प्रस्तावित है। राहुल गांधी ने लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। हालांकि, दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, कनॉट प्लेस से मार्च निकालने के लिए अब तक कोई अनुमति नहीं मांगी गई है।

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मार्च का रूट और समय साझा करते हुए लिखा कि कल मिलते हैं, आइए साथ चलते हैं। उनके पोस्ट के अनुसार, मार्च रविवार दोपहर 12 बजे मिंटो रोड जंक्शन से शुरू होगा। इसके बाद लोग अजमेरी गेट की ओर बढ़ेंगे और मार्च का समापन रामलीला मैदान में होगा।

दिल्ली पुलिस ने कहा- मार्च की अनुमति के लिए आवेदन नहीं मिला

राहुल गांधी के मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि कनॉट प्लेस से प्रस्तावित मार्च के लिए पुलिस को कोई आवेदन नहीं मिला है। सूत्रों ने कहा कि सांसद और राजनीतिक नेता अपनी निजी गाड़ियों से संविधान क्लब, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास या अपनी पसंद की किसी अन्य जगह जा सकते हैं। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होने वाले जंतर-मंतर को अब प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं रखा गया है। इसके अलावा, नई दिल्ली इलाके में, चुनाव आयोग के आसपास भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। यह धारा सार्वजनिक सभाओं और जमावड़े पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित है।

रामलीला मैदान में रैली के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

दिल्ली पुलिस ने रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की रैली के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने की बात कही है। सुरक्षा में दिल्ली पुलिस के कई जिलों के जवान तैनात रहेंगे। इनमें मध्य जिला भी शामिल है। इसके साथ ही अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की जाएगी।

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर भी कार्यक्रम

इस बीच, INDIA गठबंधन के नेताओं का शनिवार दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित महाभियोग की प्रक्रिया को लेकर आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को होना था, लेकिन दिल्ली में बारिश के कारण इसे टाल दिया गया। राहुल गांधी ने शुक्रवार को बताया था कि सभी नेताओं की सहमति से कार्यक्रम शनिवार को उसी समय आयोजित करने का फैसला लिया गया है, ताकि वरिष्ठ नेताओं को बारिश में बैठने की परेशानी न हो।

राहुल गांधी ने विपक्ष और आम लोगों से की शामिल होने की अपील

राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के मार्च में राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संगठनों, नागरिक समाज के सदस्यों, पत्रकारों और आम लोगों से भी शामिल होने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के जरिए भारतीय लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि दोनों कार्यक्रम इसी मुद्दे को लेकर आयोजित किए जा रहे हैं। INDIA गठबंधन की इस रैली और मार्च में चुनाव आयोग की भूमिका तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई प्रमुख मुद्दे रहेंगे।