नई दिल्ली

व्हीलचेयर पर बैठे दिव्यांग ने लगाई 117 मीटर बंजी जंप

सब संभव है : सोशल मीडिया पर छाए अभय डोगरा

less than 1 minute read
Dec 08, 2024

ऋषिकेश. उत्तराखंड के ऋषिकेश में व्हीलचेयर पर बैठकर दिव्यांग अभय डोगरा ने 117 मीटर ऊंची बंजी जंप लगाकर लोगों को चौंका दिया। उन्होंने भारत की सबसे ऊंची बंजी जंप को सफलतापूर्वक अंजाम देकर साबित कर दिया कि शारीरिक अक्षमता हौसले के आगे कोई मायने नहीं रखती। उनके कारनामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

एक टीम ने अभय डोगरा की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी की थी। उन्होंने ऊंचाई से छलांग लगाकर आत्मविश्वास और जोश का प्रदर्शन किया। वीडियो पर यूजर्स अलग-अलग कमेंट कर रहे हैं। एक ने लिखा, व्हीलचेयर पर सवार योद्धा ने 117 मीटर ऊंची बंजी जंप कर सपने को हकीकत में बदला। कुछ लोगों ने अभय की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। एक ने लिखा, सिर्फ व्यूज के लिए इतना जोखिम क्यों? एक दूसरे ने कहा, ऐसे स्टंट्स को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। नकारात्मक प्रतिक्रियाओं पर अभय ने जवाब दिया, मैं खुश हूं। इसे करना बहुत अच्छा लगा। ऐसी जंपिंग दोबारा करूंगा।

यह है बंजी जंपिंग

बंजी जंपिंग में प्रतिभागी के पैरों में इलास्टिक कॉर्ड लगी होती है। इसमें ऊंचाई से सिर के बल कूदना शामिल है। ऊंचाई वाला स्थल इमारत, क्रेन, पुल या हेलिकॉप्टर हो सकता है। पहली आधुनिक बंजी जंप 1979 में हुई थी। यह खेल भारत समेत कई देशों में लोकप्रिय है।

Published on:
08 Dec 2024 11:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर