
Cockroach Janta Party: कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को मंगलवार को मेडिकल आधार पर स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश होने से छूट मिल गई। यह छूट सिर्फ मंगलवार की पेशी के लिए दी गई है। अब मामले में उनकी अगली पेशी 2 दिसंबर को होगी।
दीपके को मंगलवार को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित SEM कोर्ट में पेश होना था। उनके वकील ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए पेशी से छूट देने के लिए अदालत में आवेदन दिया था। SEM अखिलेश मिश्रा ने आवेदन पर सुनवाई के बाद उन्हें मंगलवार की पेशी से राहत दे दी।
अभिजीत दीपके की ओर से अधिवक्ता अभिक चिमनी अदालत में पेश हुए। उन्होंने मामले से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की भी मांग की। दिल्ली पुलिस की ओर से अधिवक्ता प्रशांत प्रकाश ने कहा कि ये दस्तावेज पहले ही कलंदरा (नोटिस) के साथ दिए जा चुके हैं। उन्होंने दीपके की मेडिकल स्थिति की जांच कराए जाने की बात भी कही। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी के वकील को मामले से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध करा दिए।
अभिजीत दीपके को 16 अक्टूबर को दिल्ली में हुए ‘लेहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने निवारक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस के अनुसार, दीपके और नेहा बोरा को 16 अक्टूबर की शाम निवारक प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया था। इसके बाद दीपके के खिलाफ BNSS की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया और SEM कोर्ट के सामने पेश किया गया।
इससे पहले 10 अक्टूबर को भी दीपके को एक अलग निवारक मामले में विमान से यात्रा करते समय हिरासत में लिया गया था। उस मामले में उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने का बांड भरने का निर्देश दिया गया था। अब 16 अक्टूबर वाले मामले में दीपके की अगली पेशी 2 दिसंबर को होगी।