
Abhishek Banerjee: INDIA गठबंधन की बैठक के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब तक राजनीतिक दल ही चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाते थे, लेकिन अब दो चुनाव आयुक्तों की ओर से भी आपत्तियां सामने आई हैं।
इंडिया गठबंधन की मीटिंग खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत करने के दौरान अभिषेक बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग के दो अन्य आयुक्तों ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। उनके मुताबिक, इससे यह संकेत मिलता है कि इन आरोपों में कुछ सच्चाई हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अनियमितताएं कई जगह हो रही हैं और पश्चिम बंगाल में स्थिति ज्यादा गंभीर है।
बता दें कि अभिषेक बनर्जी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब चुनाव आयोग में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की रिपोर्ट सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से संबंधित कुछ फैसलों पर आपत्ति जताई थी। INDIA गठबंधन की दिल्ली में हुई बैठक में चुनाव आयोग, SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दलों ने चर्चा की। गठबंधन के नेता इन मुद्दों पर आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी ने अपने बयान में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रक्रिया को लेकर कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया, हालांकि इन आरोपों पर चुनाव आयोग की ओर से भी प्रक्रियाओं को लेकर स्पष्टीकरण दिया गया है।
वहीं, INDIA गठबंधन की बैठक के बाद NCP-SP नेता पीसी चाको ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि बैठक में शामिल दलों के बीच छह प्रमुख मुद्दों पर पूरी सहमति बनी। उन्होंने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर गठबंधन की ओर से आगे की रणनीति तय की गई है। चाको ने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक में DMK को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।