22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / सोने के दाम घटने पर CTI का PM मोदी को धन्यवाद, कहा- आपकी सलाह से लाखों कारोबारी कंगाल होने से बचे

सोने के दाम घटने पर CTI का PM मोदी को धन्यवाद, कहा- आपकी सलाह से लाखों कारोबारी कंगाल होने से बचे

सोने की कीमतों में गिरावट के बाद चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद पत्र लिखा है। संगठन ने बताया कि सोने की कीमत 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जिससे आभूषण व्यापारियों और शादियों की तैयारी कर रहे परिवारों को राहत मिली है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 22 Nov 2026, 10:11 AM IST

pm narendra modi

पीएम नरेंद्र मोदी (पत्रिका फाइल फोटो)

Gold Price Fall: सोने की कीमतों में भारी गिरावट के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनका आभार व्यक्त किया है। CTI ने बताया कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री ने लोगों को सोना न खरीदने की सलाह दी थी। इस सलाह ने लाखों ज्वैलर्स, छोटे व्यापारियों और निवेशकों को कर्ज में डूबने या आर्थिक बर्बादी से बचा लिया।

22 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में CTIने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब इसकी कीमत लगभग 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम थी। अब यह गिरकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है यानी प्रति किलोग्राम 65 लाख रुपये की कमी आई है। CTI ने कहा कि अगर ज्वैलर्स और निवेशकों ने उस समय ऊंची कीमतों पर सोना खरीदा होता, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता।

लाखों ज्वैलर्स को नुकसान से बचाया

CTI ने अपने पत्र में बताया कि देश भर के जौहरी आमतौर पर कई महीनों के लिए पर्याप्त स्टॉक रखते हैं। अगर उन्होंने 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सोना खरीदा होता, तो बाद में कीमतों में आई गिरावट से उन्हें भारी नुकसान होता और वे गहरे कर्ज में डूब सकते थे।

संगठन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह के कारण ऑनलाइन और ऑफलाइन काम करने वाले लाखों छोटे व्यापारी और शेयर बाजार के निवेशक बड़े संभावित नुकसान से बच सकें। CTI के अनुसार, प्रधानमंत्री की इस सलाह को उनके विभिन्न व्यापार समूहों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

शादी के सीजन में लोगों को राहत

CTI ने बताया कि सोने की कीमतों में आई गिरावट से मौजूदा शादी के सीजन में आम परिवारों को काफी राहत मिली है। संगठन के अनुसार, इस सीजन में लगभग 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है और सोने की कम कीमत इन परिवारों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है।

सोने-चांदी के बाजार में निरंतर मार्गदर्शन की मांग

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि सरकार सोने और चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों के संबंध में व्यापारियों को समय-समय पर मार्गदर्शन देना जारी रखे। संगठन का कहना है कि इससे सट्टेबाजी और जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

व्यापारी समुदाय ने जताया आभार

पत्र के अंत में CTI के पदाधिकारियों ने कहा, "प्रधानमंत्री जी, आपने केवल सलाह ही नहीं दी, बल्कि लाखों परिवारों की पूंजी को भी बचाया है। CTI और पूरे व्यापारी समुदाय की ओर से हम आपको तहे दिल से धन्यवाद देते हैं और अपना आभार व्यक्त करते हैं।"

सोने और चांदी की कीमतों में कितनी गिरावट आई है?

इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर थीं, लेकिन तब से इनमें काफी गिरावट आई है। जनवरी 2026 में MCX पर सोना ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम यानी करीब 1.93 करोड़ रुपये प्रति किलो के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था, जबकि चांदी ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम के शिखर पर थी। तब से सोने की कीमत अपने उच्चतम स्तर से लगभग 32 से 37 प्रतिशत तक गिर गई है यानी प्रति किलोग्राम लगभग ₹65 लाख की कमी या प्रति 10 ग्राम ₹55,000 से ₹70,000 की गिरावट।

चांदी में और भी बड़ी गिरावट देखी गई है, जो अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 60 से 65 प्रतिशत यानी करीब 2.45 लाख से 2.70 लाख रुपये प्रति किलो तक टूट चुकी है। अकेले दिल्ली में पिछले एक हफ्ते के दौरान 24 कैरेट सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम ₹11,700 से ज्यादा की गिरावट आई है।

आज का ताजा रेट

श्रेणी / शुद्धतामात्रा दिल्ली (रिटेल भाव)मुंबई / कोलकाता (रिटेल भाव)बुलियन / MCX बेंचमार्क भाव
24 कैरेट सोना 10 ग्राम₹1,25,230₹1,25,080₹1,22,520
24 कैरेट सोना 1 किलोग्राम₹1,25,23,000₹1,25,08,000₹1,22,52,000
22 कैरेट सोना 10 ग्राम₹1,14,790₹1,14,650₹1,11,916
18 कैरेट सोना 10 ग्राम₹93,920₹93,810₹91,568
चांदी (999 प्योरिटी)10 ग्राम₹1,750₹1,750₹1,496
चांदी (999 प्योरिटी)1 किलोग्राम₹1,75,000₹1,75,000₹1,49,600