22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / इजरायल से ‘मजबूत रिश्तों’ की वकालत पर राहुल गांधी घिरे, लेफ्ट सहयोगियों ने खोला मोर्चा

इजरायल से ‘मजबूत रिश्तों’ की वकालत पर राहुल गांधी घिरे, लेफ्ट सहयोगियों ने खोला मोर्चा

Pinarayi Vijayan and Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने शिकागो में इजरायल से मजबूत रिश्तों की वकालत की और गाजा की भी निंदा की। इस पर माकपा और भाकपा माले ने कांग्रेस को घेरा। पूरी खबर पढ़ें।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pushpankar Piyush

•

Updated: 22 Nov 2026, 7:32 AM IST

Shiv Sena target on Rahul Gandhi

लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Photo: ANI)

Rahul Gandhi and Israel: कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के इजरायल पर दिए बयान ने सहयोगियों को नाराज कर दिया है। राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में यूनिवर्सिटी में लोगों को संबोधित करते हुए भारत-इजरायल के रणनीतिक संबंधों पर जोर दिया था। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले और उसके बाद गाजा में इजरायल की कार्रवाई, दोनों की निंदा की। इस रुख को कांग्रेस की अब तक की लाइन से नरम माना जा रहा है।

शिकागों में राहुल गांधी ने क्या कहा था?

यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल ने कहा कि भारत की विदेश नीति देशहित से तय होनी चाहिए। इजरायल के साथ भारत के रणनीतिक हित जुड़े हैं, जिनमें सेना के लिए बेहतरीन हथियार खरीदना भी शामिल है। इसका मतलब गाजा पर चुप्पी साध लेना नहीं हो सकता। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक गलती दूसरी गलती को सही नहीं ठहरा सकती है। राहुल गांधी ने कहा कि डेढ़ अरब की आबादी वाले भारत को वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका निभाने से कोई देश नहीं रोक सकता।

राहुल के बयान से नाराज हुआ लेफ्ट?

राहुल गांधी के इस बयान की सबसे अधिक मुखालफत वाम मोर्चा की तरफ से की गई। केरल के पूर्व सीएम व माकपा नेता पिनाराई विजयन ने कहा कि राहुल का बयान फिलिस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस के दोहरे रवैये को उजागर करता है। विजयन ने इसे साम्राज्यवाद-समर्थक रुख बताया और कहा कि यह नेहरू की उस विरासत को कमजोर करता है, जो साम्राज्यवाद के विरोध और फिलिस्तीनी संघर्ष के साथ खड़ी थी।

भाकपा (माले) ने भारत-इजरायल रिश्ते खत्म करने की मांग कर दी

कांग्रेस की एक अन्य सहयोगी भाकपा माले लिब्रेशन ने इससे भी एक कदम आगे बढ़कर भारत-इजरायल के कूटनीतिक रिश्ते को खत्म करने की मांग कर दी। माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने इजरायल को "नरसंहारी शासन" बताया। उन्होंने कहा कि जो देश वैश्विक निंदा के बावजूद बच्चों, महिलाओं और आम लोगों पर हमले कर रहा हो, उसके साथ रणनीतिक रिश्ता नहीं हो सकता। उन्होंने इजरायल की तुलना नाजी जर्मनी और रंगभेद वाले दक्षिण अफ्रीका से की।

राहुल का यह बयान, परिवार के सदस्यों से भी अलग

यही नहीं, राहुल गांधी का इजरायल को लेकर दिया गया बयान परिवार के सदस्यों के दिए बयान से भी पूरी तरह अलग दिखता है। राहुल गांधी की बहन व केरल की वायनाड सीट से सांसद प्रियंका गांधी ने 12 अगस्त 2025 को इजरायल सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाया था। उन्होंने भारत सरकार की चुप्पी को शर्मनाक बताया था। वे फिलिस्तीन लिखे टोट बैग के साथ भी नजर आ चुकी हैं। वहीं, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने एक लेख में लिखा था कि राष्ट्रीय हित का तकाजा है कि भारत गाजा में इजरायल की कार्रवाई और वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों के विस्थापन पर वैश्विक जनमत के अनुरूप प्रतिक्रिया दे।

कांग्रेस की इजरायल को लेकर रणनीति ?

कांग्रेस इजरायल को लेकर सतर्कता बरत रही है। 7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद कांग्रेस फिलिस्तीन के प्रति अपने ऐतिहासिक समर्थन को लेकर सधी हुई रणनीति पर चलती हुई दिख रही है। शुरुआत में पार्टी ने न हमास का नाम लिया और न हमले के लिए "आतंक" शब्द का इस्तेमाल किया। जब शशि थरूर ने हमास हमले को लेकर पार्टी में निंदा करने का प्रस्ताव रखा, तब कांग्रेस हाईकमान ने नहीं माना, लेकिन बाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हमास हमले की निंदा की और गाजा घेराबंदी व बमबारी को अस्वीकार्य बताया।