22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Delhi / New Delhi / दिल्ली पुलिस पर भीड़ हमले का आरोपी 14 महीने बाद राजस्थान से गिरफ्तार, 20 साल का अरबाज खान पकड़ा गया

दिल्ली पुलिस पर भीड़ हमले का आरोपी 14 महीने बाद राजस्थान से गिरफ्तार, 20 साल का अरबाज खान पकड़ा गया

Delhi Police Mob Attack: दिल्ली के छतरपुर में पुलिसकर्मियों पर भीड़ के हमले के मामले में 14 महीने से फरार आरोपी अरबाज खान को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर ड्यूटी कर रहे चार पुलिसकर्मियों पर हमले में शामिल होने का आरोप है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 22 Nov 2026, 3:25 PM IST

Delhi Police Mob Attack

भीड़ हमले का आरोपी 14 महीने बाद राजस्थान से गिरफ्तार

Delhi Police Attack: दक्षिण दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर भीड़ के हमले के मामले में फरार चल रहे 20 साल के आरोपित को पुलिस ने 14 महीने की तलाश के बाद राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरबाज खान उर्फ बैजू के रूप में हुई है। वह छतरपुर के चंदन होला गांव का रहने वाला है।

ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर भीड़ ने किया था हमला

इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि 15 सितंबर 2025 को छतरपुर के चंदन होला गांव में पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर ईंट, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया था। इस घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे। मामले में 16 सितंबर 2025 को फतेहपुर बेरी थाने में FIR नंबर 573/2025 दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

भिवाड़ी में छिपे होने की मिली सूचना

पुलिस ने बताया कि 19 नवंबर को दक्षिण जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को गुप्त सूचना मिली कि वांछित आरोपी राजस्थान के भिवाड़ी के गांव गडपुर में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर को गांव गडपुर से अरबाज खान को दबोच लिया।

दिल्ली लाकर किया गया गिरफ्तार

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली लाया गया। पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को साकेत थाने में BNSS की धारा 35(1)(c) के तहत उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था और उसे पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

स्पेशल स्टाफ की टीम ने चलाया ऑपरेशन

आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम की निगरानी ACP/ऑपरेशंस दक्षिण जिला बलराम सिंह बेनीवाल ने की। पुलिस के अनुसार, 14 महीने बाद आरोपी की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि स्पेशल स्टाफ की टीम ने वांछित आरोपियों की तलाश और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए लगातार प्रयास जारी रखे।