Agniveer recruitment: दिल्ली पुलिस भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पुरुष कांस्टेबल भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण को मंजूरी दी, जिससे सेना से सेवामुक्त हजारों युवाओं के लिए दिल्ली पुलिस में शामिल होने का रास्ता खुला।
Delhi police constable bharti: दिल्ली पुलिस में भर्ती को लेकर पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पुरुष कांस्टेबल भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से सेना से सेवामुक्त हुए हजारों युवाओं को पुलिस सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस में पुरुष कांस्टेबल की सीधी भर्ती के दौरान पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी सीटें आरक्षित रहेंगी। इसका उद्देश्य सशस्त्र बलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं के अनुभव और अनुशासन का लाभ उठाना है।
घोषणा के अनुसार, पूर्व अग्निवीर उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से पूरी तरह छूट दी जाएगी। इसके साथ ही अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की राहत मिलेगी। खास बात यह है कि अग्निवीर योजना के पहले बैच के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 5 वर्ष की विशेष छूट देने का फैसला किया गया है।
आधिकारिक बयान में बताया गया कि उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस (नियुक्ति एवं भर्ती) नियमावली, 1980 के नियम 9 में संशोधन को स्वीकृति दे दी है। इस संशोधन के बाद अब पूर्व अग्निवीरों की कांस्टेबल पद पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस में पुरुष कांस्टेबल के कुल 42,451 पद स्वीकृत हैं, जिन पर सीधी भर्ती की जाती है। सामान्य उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तय है। नई नीति लागू होने के बाद बड़ी संख्या में पूर्व अग्निवीर इन पदों के लिए पात्र हो सकेंगे। यह फैसला न सिर्फ रोजगार के अवसर बढ़ाएगा, बल्कि पुलिस बल को भी प्रशिक्षित और अनुशासित मानव संसाधन उपलब्ध कराएगा।