23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर प्यार… 6 महीने में ‘हैवान’ बना शिवम, BSc छात्रा को 3 दिन तक दी यातनाएं

पीड़ित युवती दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी की पहचान शिवम (19) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नरेला का निवासी है। उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।

2 min read
Google source verification
Gurugram Shivam Crime

आरोपी शिवम गिरफ्तार (Photo: X/@Digvija73188705)

हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवती को कथित तौर पर उसके ही लिव-इन पार्टनर ने किराए के पीजी आवास में बंधक बनाकर शारीरिक और यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने न केवल युवती को बंधक बनाया, बल्कि उसे अमानवीय यातनाएं भी दीं।

डेटिंग ऐप से दोस्ती और 'नरक' बनी जिंदगी

पीड़ित युवती मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम की एक निजी यूनिवर्सिटी में बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। उसकी मुलाकात दिल्ली के नरेला निवासी 19 वर्षीय शिवम से पिछले साल सितंबर में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। जल्द ही दोनों में नजदीकियां बढ़ी और वें सेक्टर 69 में बदशाहपुर में एक पीजी (पेइंग गेस्ट) में साथ रहने लगे।

शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे शिवम का स्वभाव बदलने लगा। वह युवती के चरित्र पर शक करने लगा और उसे छोटी-छोटी बातों पर पीटने लगा। आरोप है कि शादी का झांसा देकर वह उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा, लेकिन पिछले कुछ दिनों में उसकी हैवानियत चरम पर पहुंच गई।

बंधक बनाकर दीं रोंगटे खड़े करने वाली यातनाएं

युवती की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद विचलित करने वाले हैं। आरोप है कि शिवम ने 16 से 18 फरवरी तक युवती को कमरे में बंद रखा और तीन दिनों तक उसे स्टील की बोतल से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपी ने युवती के निजी अंगों पर सैनिटाइजर डालकर उन्हें आग लगाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, शिवम ने पीड़िता के अश्लील वीडियो भी बनाए और उसे जान से मारने की धमकी दी। युवती के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट और जलने के निशान पाए गए हैं। युवती ने किसी तरह आरोपी का फोन हासिल किया और अपनी मां को फोन कर आपबीती सुनाई। मां ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद बादशाहपुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती को रेस्क्यू किया।

बादशाहपुर थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने महिला पर हमला करने की बात कबूल कर ली है। वहीं, पीड़िता की मां ने बताया कि शिवम ने चाकू से उनकी बेटी (पीड़िता) के पैरों पर कई वार किए थे और लात और मुक्कों से उसे बुरी तरह मारा था। उसने उसके हाथ-पैर चार्जिंग केबल से बांधकर रखा था, जिससे वह भाग न सके। यहां तक की उसे अपना पेशाब तक पिलाया।

आरोपी ने कबूला अपराध- पुलिस

बादशाहपुर पुलिस ने आरोपी शिवम को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 118 (गंभीर चोट), 127(2) (गलत तरीके से बंधक बनाना), 69 (धोखे से यौन संबंध बनाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) शामिल हैं।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप तुरान ने बताया कि आरोपी की पहचान शिवम (19) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नरेला का निवासी है। उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले को हरियाणा पुलिस की 'चिह्नित अपराध' पहल के तहत रखा गया है, ताकि ट्रायल को तेज कर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। पीड़ित युवती फिलहाल दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस इस मामले में हत्या के प्रयास जैसी अन्य कड़ी धाराएं भी जोड़ सकती है।