नई दिल्ली

Rahul Gandhi पर अनुराग ठाकुर का तंज, बोले- मनपसंद खिलौना नहीं मिला तो करने लगे हंगामा

Anurag Thakur Latest Statement: BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उनकी तुलना मेले में मनपसंद खिलौना नहीं मिलने पर रोने वाले बच्चे से की। उन्होंने पीएम मोदी और राहुल गांधी की राजनीति की तुलना करते हुए कई आरोप लगाए।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 3:28 PM IST
Anurag Thakur
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी राजनीति पर तंज कसा। (फाइल फोटो-IANS)

Indian Politics: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना मेले में खिलौना नहीं मिलने पर रोने वाले बच्चे से की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सत्ता नहीं मिली तो वे बौखलाहट में कुछ भी बोलने लगे हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि सत्ता पाने की कोशिश में राहुल गांधी देश के हितों और लोगों के भरोसे को भी दांव पर लगा रहे हैं।

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी दुनिया के अलग-अलग देशों में जाकर भारत के बारे में गलत बातें करते हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश के हितों और उसकी पहचान को भी निशाना बनाने लगे हैं। ठाकुर ने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने और उसकी नीतियों की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन ऐसा करते समय देश की छवि और उसके हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।

मोदी और राहुल की राजनीति पर कही ये बात

अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की राजनीति में फर्क बताते हुए कहा कि मोदी ने मेहनत, त्याग और समर्पण के दम पर देश की सेवा की है। वहीं, उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को निराशा से जुड़ा बताया।

बीजेपी सांसद ने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने इस आंकड़े के समर्थन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी हवाला दिया। ठाकुर ने कहा कि विकास और जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी की राजनीति का आधार है।

ट्रंप का नाम लेकर भी राहुल गांधी पर साधा निशाना

अनुराग ठाकुर ने अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी कम ब्याज दरों के बीच अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार की बात कही है। ठाकुर ने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती से जोड़ते हुए सरकार के कामकाज का उदाहरण बताया।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी सरकार या प्रधानमंत्री का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन इस विरोध में देश के हितों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। ठाकुर के आरोपों के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।