21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Delhi / New Delhi / श्रीनगर जा रही बस से खुला नशे का बड़ा खेल, दिल्ली के गोदाम से 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाएं बरामद; 4 गिरफ्तार

श्रीनगर जा रही बस से खुला नशे का बड़ा खेल, दिल्ली के गोदाम से 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाएं बरामद; 4 गिरफ्तार

Delhi Kashmir Drug Smuggling: NCB ने दिल्ली से कश्मीर तक फैले दवाओं की अवैध सप्लाई के नेटवर्क का खुलासा किया है। उधमपुर में बस से 7 किलो कफ सिरप मिलने के बाद दिल्ली के शाहदरा में पांच लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं। मामले में चार लोग गिरफ्तार हुए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 21 Nov 2026, 12:00 PM IST

NCB Raid

दिल्ली से कश्मीर तक फैले अवैध दवा सप्लाई नेटवर्क का NCB ने किया खुलासा। (फोटो सोर्स-ANI)

Delhi Drug Network: दिल्ली से कश्मीर तक दवाओं की सप्लाई के नाम पर नशे का कारोबार चल रहा था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने इस नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं। ये दवाएं ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन जैसे पदार्थों से जुड़ी हैं। मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत 16 नवंबर की सुबह हुई, जब NCB की टीम ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान एक यात्री के पास से करीब 7 किलो कोडीन वाली कफ सिरप मिली। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो दिल्ली से कश्मीर तक फैले सप्लाई नेटवर्क की परतें खुलने लगीं।

बस में कफ सिरप मिलने के बाद दिल्ली तक पहुंची जांच

NCB के जम्मू जोनल यूनिट को इस नेटवर्क के बारे में खास सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली जोनल यूनिट के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। 16 नवंबर को उधमपुर जिले के चिनैनी इलाके में माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही बस को रोका गया था। कफ सिरप के साथ पकड़ा गया यात्री डोडा जिले के भद्रवाह का रहने वाला बताया गया है।

इस बरामदगी के बाद NCB ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान 18 नवंबर को दिल्ली में तलाशी ली गई, जहां से कोडीन वाली कफ सिरप की 356 बोतलें मिलीं। इसके बाद जांच टीम उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित एक किराए के ठिकाने तक पहुंची।

शाहदरा के ठिकाने से मिलीं पांच लाख से ज्यादा दवाएं

18 और 19 नवंबर को इस ठिकाने पर तलाशी के दौरान पांच लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं। इनमें ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम और नाइट्राजेपाम जैसी दवाएं भी शामिल थीं। इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं मिलने के बाद जांच एजेंसी ने पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दीं।

दिल्ली से कश्मीर तक फैला था नेटवर्क, चार गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क के जरिए दिल्ली से कश्मीर घाटी तक दवाओं की सप्लाई की जा रही थी। मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कश्मीर के अनंतनाग से जुड़ा एक व्यक्ति भी शामिल है, जिस पर वहां दवाओं की खेप हासिल करने का आरोप है।

NCB अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये दवाएं वैध सप्लाई के रास्ते से निकलकर अवैध कारोबार तक कैसे पहुंचीं। साथ ही, इनके पीछे काम कर रहे सप्लायर और दूसरे लोगों की पहचान की जा रही है। एजेंसी का मकसद इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ना और दवाओं की अवैध सप्लाई पर रोक लगाना है।