नई दिल्ली

अयोध्या के ‘अब्दुल’ की जेल में हत्या, बैरक में एक कैदी ने ही…राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने का आरोप

Faridabad: राम मंदिर हमले की साजिश के आरोपी अब्दुल रहमान की बल्लभगढ़ स्थित नीमका जिला जेल में एक कैदी के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कैदी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
2 min read
Ayodhya Abdul murdered in jail for plotting attack on Ram Temple

Faridabad: राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने वाले आरोपी अब्दुल रहमान की जेल में हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि वह फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित नीमका जिला जेल में बंद था। उसके बैरक में एक कैदी ने घुसकर किसी नुकीली वस्तु से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने आरोपी कैदी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

HT रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों के अनुसार, रविवार रात लगभग 10:30 बजे नीमका जिला जेल के एक बैरक में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान सह-कैदी अरुण चौधरी ने कथित तौर पर किसी नुकीली वस्तु से अब्दुल रहमान पर हमला कर दिया। हमले में रहमान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी कैदी अरुण चौधरी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

पत्थरनुमा वस्तु से किया हमला

इस घटना को लेकर फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अरुण चौधरी ने अब्दुल रहमान पर धारदार पत्थरनुमा वस्तु से हमला किया था, जिससे उसकी जान चली गई। यह घटना सोमवार, 9 फरवरी की तड़के करीब दो बजे सामने आई। उन्होंने बताया कि आरोपी अरुण चौधरी के खिलाफ जम्मू और अमृतसर में हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े कुल आठ मामले दर्ज हैं। अरुण चौधरी को अक्टूबर 2024 में कठुआ जेल से नीमका जिला जेल में स्थानांतरित किया गया था। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

अयोध्या का रहने वाला था अब्दुल

यूपी के अयोध्या जिले के मिल्कीपुर क्षेत्र का रहने वाला अब्दुल रहमान मार्च 2025 में फरीदाबाद के पाली इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उसे गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया था। जांच एजेंसियों का आरोप था कि वह अयोध्या स्थित राम मंदिर पर हमले की साजिश में शामिल था। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से ग्रेनेड समेत विस्फोटक सामग्री बरामद होने का दावा भी किया गया था।

Updated on:
09 Feb 2026 02:56 pm
Published on:
09 Feb 2026 02:50 pm