नई दिल्ली

कौन है बिहार का टीटू धमाका? जिसने पूर्व विधायक अनंत सिंह पर चलाई थी गोली, दिल्ली में गिरफ्तार

Titu Dhamaka: बिहार के लखीसराय जिले के बड़हिया थानाक्षेत्र के जैतपुर गांव निवासी टीटू धमाका पर बाहुबली अनंत सिंह पर गोली चलाने का आरोप है। बिहार पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
2 min read
Titu Dhamaka: कौन है बिहार का टीटू धमाका? जिसने पूर्व विधायक अनंत सिंह पर चलाई गोली, दिल्ली में गिरफ्तार
दिल्ली में बिहार का कुख्यात बदमाश टीटू धमाका गिरफ्तार। (फोटोः सोशल मीडिया)

Titu Dhamaka: बिहार के कुख्यात अपराधी टीटू धमाका उर्फ चंदन को पटना पुलिस ने दिल्ली में गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि टीटू धमाका इसी साल जनवरी में पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच हुई गोलीबारी में शामिल था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ बिहार के पंचमहला थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें वह नामजद है। इसके बाद से ही पुलिस उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी थी। इसी दौरान पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी टीटू धमाका उर्फ चंदन दिल्ली में छिपा है। शनिवार देर रात बिहार पुलिस ने उसे नई दिल्ली के कापसहेड़ा थाना इलाके के विजवासन से गिरफ्तार कर लिया।

बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला है टीटू धमाका

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि टीटू धमाका लखीसराय जिले के बड़हिया थाना अंतर्गत जैतपुर गांव का निवासी है। पंचमहला थाने में उसके खिलाफ पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बाढ़, बड़हिया, मरांची, वीरूपुर और झारखंड के रिखिया समेत विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कुल 14 आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। कई मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

दिल्ली के कापसहेड़ा क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना मिली थी कि वह नई दिल्ली के कापसहेड़ा थाना क्षेत्र के विजवासन इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी वह हत्या, लूटपाट, डकैती जैसे कई गंभीर अपराधों के चलते जेल जा चुका है। टीटू धमाका उर्फ चंदन बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला है। 30 मार्च 2023 में रामनवमी के अवसर पर उसने श्रवण कुमार नाम के एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस दौरान धुआंधार गोलीबारी भी की थी। इसके बाद उसकी पहचान “गैंगवार-जनित बाहुबली” के रूप में सामने आई। इस वारदात ने उसे विशेष रूप से पुलिस की नजर में ला दिया और सालों तक वह फरार रहा

अपराध की लिस्ट और गिरोह गतिविधियां

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टीटू धमाका पर हत्या, भूमि हड़पने, अंधाधुंध फायरिंग और अन्य आपराधिक कृत्यों के दर्जनों मामले दर्ज थे। लखीसराय पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) की कार्रवाई में उसके गिरोह के सदस्य जैसे प्रिंस कुमार, रंजीत सिंह, नागा को गिरफ्तार किया गया था। गिरोह का सरगना होने के नाते उसने कई संगठित अपराधों की कई योजनाओं को अंजाम दिया। इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए दिल्ली पहुंचा। जहां वह पिछले कई महीनों से छिपकर रह रहा था। सुराग लगने के बाद पटना पुलिस ने स्‍थानीय दिल्ली पुलिस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे 21 जुलाई को गिरफ्तार ‌किया गया है।

Updated on:
21 Jul 2025 01:47 pm
Published on:
21 Jul 2025 01:45 pm