
Ramrao Wadkute Passes Away: भाजपा (BJP) के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का निधन हो गया है। उन्होंने 72 साल की उम्र में दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल (AIIMS) में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि रविवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रामराव वडकुते शनिवार शाम दिल्ली स्थित अपने आवास पर टहल रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक बेचैनी महसूस होने लगी। इसके बाद वह खुद ही दिल्ली एम्स पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद आधी देर रात के बाद उनका निधन हो गया।
रामराव वडकुते को इसी साल मार्च में राज्यसभा के लिए चुना गया था। अप्रैल महीने में उन्होंने सांसद पद की शपथ ली थी। उनके निधन के समय राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल शुरू हुए अभी कुछ ही महीने हुए थे।
वडकुते महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के कलमनुरी क्षेत्र से ताल्लुक रखते थे। मराठवाड़ा में धनगर समाज और ओबीसी वर्ग के प्रमुख चेहरों में उनकी गिनती होती थी। बीजेपी ने इसी सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए उन्हें राज्यसभा भेजा था। उनकी उम्मीदवारी को पार्टी की धनगर समाज को साधने के लिए अहम रणनीतिक समझा जा रहा था।
रामराव वडकुते ने अक्टूबर 2019 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामा था। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह हिंगोली जिला अध्यक्ष, हिंगोली लोकसभा प्रभारी और जालना ग्रामीण जिला प्रभारी जैसे पदों पर रहे थे। शरद पवार नीत एनसीपी ने 2004 में उन्हें कलमनुरी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया, हालांकि अपने पहले ही चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। फिर 2004 में एनसीपी ने उन्हें विधान परिषद में मौका दिया।
बीजेपी सांसद की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी चिंता जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वडकुते के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। साथ ही इस मुश्किल समय में उनके परिवार के प्रति संवेदना और प्रार्थनाएं व्यक्त की थीं। हालांकि, देर रात उनके निधन की खबर सामने आई।