पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम के चुनाव नतीजों ने विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक को बड़ा झटका दिया है। जिन राज्यों को विपक्ष की ताकत और संतुलन का केंद्र माना जा रहा था, वहीं से हार का संदेश आने के बाद अब विपक्षी गठबंधन की दिशा, नेतृत्व और भविष्य तीनों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ये नतीजे सिर्फ चुनावी हार नहीं हैं, बल्कि यह संकेत हैं कि विपक्ष अभी भी संगठन, रणनीति और नेतृत्व के स्तर पर बिखरा हुआ है। नतीजों ने दिखा दिया है कि इंडिया ब्लॉक की एकजुटता, कांग्रेस की केंद्रीय भूमिका और ममता बनर्जी की सियासी पकड़ को चुनौती दी है।
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम के चुनाव नतीजों ने विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक को बड़ा झटका दिया है। जिन राज्यों को विपक्ष की ताकत और संतुलन का केंद्र माना जा रहा था, वहीं से हार का संदेश आने के बाद अब विपक्षी गठबंधन की दिशा, नेतृत्व और भविष्य तीनों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ये नतीजे सिर्फ चुनावी हार नहीं हैं, बल्कि यह संकेत हैं कि विपक्ष अभी भी संगठन, रणनीति और नेतृत्व के स्तर पर बिखरा हुआ है। नतीजों ने दिखा दिया है कि इंडिया ब्लॉक की एकजुटता, कांग्रेस की केंद्रीय भूमिका और ममता बनर्जी की सियासी पकड़ को चुनौती दी है। ऐसे में विपक्ष के लिए आने वाला समय बड़ा कठिन होने वाला है। इन नतीजों से सबक लेते हुए उत्तर प्रदेश जैसे बड़े प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच तालमेल मजबूत करना जरूरी माना जा रहा है।
इंडिया ब्लॉक का गठन भाजपा के खिलाफ एक मजबूत राष्ट्रीय विकल्प देने के उद्देश्य से हुआ था, लेकिन इन नतीजों ने इस दावे को कमजोर कर दिया है। पूर्व, दक्षिण और पूर्वोत्तर में हार यह दिखाती है कि गठबंधन पैन-इंडिया स्तर पर तालमेल बनाने में असफल रहा है। खासतौर पर बंगाल में टीएमसी के सामने कांग्रेस ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे, वहीं टीएमसी ने असम में अपने उम्मीदवारों को कांग्रेस के सामने लड़ाया। जबकि तमिल नाडु में डीएमके और कांग्रेस में सीट शेयरिंग, स्थानीय रणनीति और नेतृत्व के मुद्दों पर मतभेद खुलकर सामने आए।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इंडिया ब्लॉक के भीतर रीसेट की जरूरत है। जहां सिर्फ एंटी-बीजेपी एजेंडा नहीं, बल्कि साझा रणनीति और स्पष्ट नेतृत्व मॉडल तय करना होगा।
कांग्रेस ने केरल में शानदार प्रदर्शन कर सत्ता में वापसी कर ली है। अब दक्षिण भारत के कर्नाटक, तेलंगाना के बाद केरल में कांग्रेस की सरकार बन जाएगी। हालांकि असम में मिली करारी हार से कांग्रेस का पूर्वोïत्तर में वापसी का सपना टूटता दिख रहा है।
बंगाल में हार से टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की सियासी छवि पर पड़ा है। पार्टी कैडर का मनोबल भी गिर सकता है। ऐसे में संगठन के अंदर असंतोष या गुटबाजी बढऩे की आशंका भी है। कांग्रेस और अन्य दल अब उन्हें नेतृत्व दावेदार के रूप में कम आंक सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस से ममता का तनाव बढ़ सकता है। हालांकि ममता की राजनीति संघर्ष और कमबैक पर टिकी रही है। वे आक्रामक तरीके से बंगाल के साथ इंडिया ब्लॉक के भीतर वापसी की कोशिश करेंगी।
तमिलनाडु में डीएमके के सामने कांग्रेस की हैसियत ज्यादा कुछ नहीं रही है। इसको लेकर इस बार कांग्रेस के प्रभारी और सांसदों ने विरोध भी जताया। अब कांग्रेस के सामने थलापति विजय जैसा नया विकल्प आ गया है। ऐसे में डीएमके और कांग्रेस के रास्ते अलग-अलग भी हो सकते हैं।