नई दिल्ली

‘अफजल गुरु की याद में होगा बम ब्लास्ट,’ दिल्ली के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी…जांच में जुटी एजेंसियां

Delhi schools bomb threat: दिल्ली में नौ स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया, जिसके बाद बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर जांच शुरू कर दी गई है।
2 min read
Bomb threat to 9 Delhi schools in memory of Afzal Guru

Delhi schools bomb threat: देश की राजधानी दिल्ली में एक साथ नौ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सभी स्कूलों को यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया है। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड को सभी स्कूलों में जांच के लिए भेज दिया गया है और मामले की पड़ताल के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।

आपको बता दें कि दिल्ली के अलग-अलग स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी सोमवार को ईमेल के जरिए सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच दी गई। जिन स्कूलों में बम ब्लास्ट करने की धमकी मिली, वे सभी स्कूल दिल्ली के नामी स्कूलों में शामिल हैं। मेल भेजने वाले ने दिल्ली को निशाना बनाने की बात कहते हुए एक खास समय का जिक्र किया और स्कूलों में विस्फोट की धमकी दी। साथ ही 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद को भी निशाना बनाए जाने की बात लिखी गई है। इस ई-मेल के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

धमकी में इन स्कूलों के नाम

बम से उड़ाने की धमकी जिन स्कूलों को मिली है, उनमें दिल्ली कैंट स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासन पुरी का कैम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर स्कूल, एनएफसी क्षेत्र का कैम्ब्रिज स्कूल, सादिक नगर का द इंडियन स्कूल, रोहिणी का सीएम श्री स्कूल, आईएनए स्थित डीटीए स्कूल और रोहिणी का बाल भारती स्कूल शामिल हैं। धमकी की जानकारी मिलते ही सभी स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस व बम स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चला रही हैं।

सुरक्षा को लेकर अलर्ट एजेंसियां

देश की राजधानी में अफजल गुरू की याद में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी कोई छोटी बात नहीं थी, इसलिए सूचना मिलते ही तुरंत एजेंसियां सतर्क हो गईं। मेल में जिन स्कूलों को टारगेट किया गया था, वहां फौरन पुलिस, फायर विभाग और बम स्क्वॉड की टीमें पहुंच गईं। बिना देर किए तुरंत स्कूल को खाली करा दिया गया और कैंपस के एक-एक कोने की जांच की गई।

कॉल्स की जांच कर रही एजेंसियां

इस घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मेल के अलावा कुछ स्कूलों को कॉल के जरिए भी बम धमाका करने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है, हालांकि एहतियात के तौर पर सभी स्थानों पर गहन तलाशी जारी है। धमकी से जुड़ी कॉल और संदेशों के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जांच में लगाया गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।

Updated on:
09 Feb 2026 12:00 pm
Published on:
09 Feb 2026 10:49 am