नई दिल्ली

Burari Accident: 20 घंटे तक मलबे में जिंदा रही लड़की…पुलिस ने कड़ी मशक्कत से निकाला, पांच की मौत

Burari Accident: दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में चार मंजिला इमारत ढहने से दो लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत से एक लड़की समेत अब तक 14 लोगों को मलबे से जिंदा बाहर निकाला है।

4 min read

Burari Accident: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 'ऑस्कर पब्लिक स्कूल' के पास निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत सोमवार को अचानक ढह गई। इस दौरान मलबे में डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। सूचना पर पुलिस समेत एनडीआरएफ व अन्य टीमें मौके पर पहुंची। इसके बाद रेस्‍क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबी दो लड़कियों समेत पांच लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। जबकि पुलिस ने कड़ी मशक्कत से अब तक 14 लोगों को सकुशल बाहर निकाला है। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक लड़की को पुलिसकर्मी कड़ी मशक्कत से खींचकर मलबे से बाहर निकाल रहा है।

20 घंटे बाद मलबे से जिंदा निकाली गई युवती

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में घटना के करीब 20 घंटे बाद पुलिस ने एक लड़की को मलबे से जिंदा बाहर निकाला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ की टीमों से बचाव कार्य शुरू कराया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इमारत मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मलबे में दबने से 17 साल की साधना और 7 साल की राधिका समेत एक पुरुष की भी मौत हुई है। जबकि एक दर्जन से ज्यादा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जान जोखिम में डालकर पुलिस ने लड़की को बचाया

मंगलवार को रेस्‍क्यू का एक वीडियो सामने आया। इसमें एक पुलिसकर्मी मलबे में नीचे जाकर एक दबी हुई लड़की को निकालने की कोशिश करता दिखाई देता है। काफी मशक्कत के बाद वह पुलिसकर्मी अपनी जान को जोखिम में डालकर मौत के मुंह में फंसी लड़की को बाहर निकालता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी बुराड़ी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सुधीर सांगवान है। सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी के प्रयासों की जमकर सराहना हो रही है। हालांकि अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

सोमवार शाम साढ़े बजे की घटना

उत्तरी दिल्ली के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि दिल्ली के बुराड़ी इलाके में कौशिक एन्क्लेव में घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे घटित हुई। शाम 6 बजकर 58 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि एक चार मंजिला इमारत ढह गई है। इसमें डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों के फंसे होने की संभावना है। सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में दमकल और एनडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि बुराड़ी अनियोजित क्षेत्र है। यहां पर संकरी गलियां और उनमें वाहन खड़े होने के चलते अग्निशमन और मलबा उठाने वाले वाहनों को घटनास्‍थल तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके चलते बचाव कार्य में दिक्कत जरूर हो रही है, लेकिन पुलिस की पहली प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को बचाना है।

आतिशी और अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख

दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चार मंजिला इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत और 14 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना पर दिल्ली की सीएम आतिशी और अरविंद केजरीवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। सीएम आतिशी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर लिखा "बुराड़ी में इमारत गिरने की यह घटना बेहद दुखद है। मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से सुनिश्चित किया जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी।" वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्‍ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया 'X' अकाउंट पर लिखा "ये घटना बेहद दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा जी को निर्देश दिए हैं कि तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाकर राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। स्थानीय लोगों की भी हर संभव सहायता करें।"

बिना नक्शे और NOC के चल रहा था निर्माण

घटना के बाद भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी ली। मनोज तिवारी ने कहा “यह घटना बेहद दुखद है इसके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह इमारत अवैध तरीके से बनाई जा रही थी। इस इमारत के निर्माण के लिए नक्‍शा और NOC तक नहीं लिया गया। इसके साथ निर्माण में घटिया सामग्री भी इस्तेमाल की जा रही थी। मामले की जांच पुलिस कर रही है।” दूसरी ओर दिल्ली सरकार ने बुराड़ी हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। जबकि गंभीर घायलों को 5 लाख और मामूली घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।

बिना आराम बचाव कार्य में जुटे हैं पुलिसकर्मी

दिल्ली अग्निशमन सेवा प्रमुख अतुल गर्ग ने ने मंगलवार सुबह बचाव अभियान का वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा "कुछ पुलिसकर्मी सोमवार रात से बिना आराम किए बचाव कार्य में जुटे हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मचारी मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को बचाने में सभी एजेंसियों की मदद कर रहे हैं।" वहीं दिल्ली पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान में पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल समेत कई एजेंसी के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता कर रही है कि इमारत के भीतर कितने लोग अब भी फंसे हुए हैं।

Updated on:
28 Jan 2025 06:13 pm
Published on:
28 Jan 2025 05:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर