
Saurav Das: चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का आंदोलन फिलहाल शांत नजर आ रहा है, लेकिन संगठन के सह-संयोजक सौरभ दास इसे आंदोलन का अंत नहीं मानते। एक इंटरव्यू में दास ने दावा किया कि CJP अपनी अगली रणनीति तैयार कर रही है और जल्द ही बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है। उन्होंने मौजूदा स्थिति को “तूफान आने से पहले की शांति” बताया और कहा कि आने वाला आंदोलन सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी करेगा।
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में सौरभ दास से पूछा गया कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का आंदोलन अचानक शांत क्यों पड़ गया है और सोशल मीडिया पर संगठन के निष्क्रिय होने की चर्चा क्यों हो रही है। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसा मानना सही नहीं है। उनके मुताबिक संगठन के लोग दोबारा रणनीति बनाने में जुटे हैं। दास ने कहा कि “तूफान आने वाला है” और लोगों को इसकी तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को आधार बनाकर आगे बढ़ेगा। उनका दावा था कि यही आंदोलन सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनेगा।
CJP ने पहले ऐलान किया था कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि अक्टूबर में सौरभ दास और आशुतोष रांका के जेल जाने के बाद संगठन के प्रमुख अभिजीत दीपके ने समर्थकों से दिवाली तक घर लौटने और परिवार के साथ समय बिताने की अपील की थी। दिवाली बीतने के बाद भी संगठन ने उसी स्तर पर आंदोलन दोबारा शुरू नहीं किया। CJP नेताओं का कहना है कि इस दौरान संगठन की अगली रणनीति पर काम किया जा रहा है और अलग-अलग जगहों पर संगठन को मजबूत करने की कोशिश चल रही है। इससे पहले जून-जुलाई में CJP ने NEET पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन किया था। संगठन का दावा है कि इस आंदोलन के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ना पड़ा था।
इस बीच सौरभ दास खुद पासपोर्ट और नागरिकता से जुड़े विवाद में भी घिरे हुए हैं। चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है। इसमें उनके जन्मस्थान से संबंधित जानकारी में कथित अंतर को लेकर शिकायत का उल्लेख है। केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में कहा है कि जन्मस्थान से जुड़ी विसंगतियों का असर उनकी नागरिकता के सवाल पर भी पड़ सकता है। हालांकि, सौरभ दास ने इन आरोपों को खारिज किया है।
इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली या पुडुचेरी में जन्मस्थान को लेकर कोई अंतर है भी, तो इसे इतना गंभीर मामला नहीं माना जाना चाहिए कि उनका पासपोर्ट ही जब्त कर लिया जाए। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की।