
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़े पंजाब और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने एक ही दिन प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पंजाब में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की जगह परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है, वहीं उत्तर प्रदेश में अजय राय को हटाकर आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यूपी में इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया गया है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हुई हैं।
पंजाब में बदलाव सीधे तौर पर चुनावी संगठन को दुरुस्त करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। वडिंग के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के भीतर लंबे समय से खींचतान की खबरें सामने आती रही हैं। पार्टी के पंजाब प्रभारी महासचिव सचिन पायलट ने राज्य के नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से व्यापक फीडबैक लेकर रिपोर्ट आलाकमान को सौंपी थी। इसके बाद वडिंग ने इस्तीफा दिया और पार्टी ने परगट सिंह को कमान सौंप दी। हॉकी के खिलाड़ी रहे परगट सिंह के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग गुटों को साथ लेकर चुनावी संगठन खड़ा करने की होगी। वह जालंधर कैंट से विधायक हैं और उनका राजनीतिक आधार पंजाब के दोआबा क्षेत्र में है। ऐसे में कांग्रेस ने नेतृत्व परिवर्तन के साथ क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास भी किया है।
उत्तर प्रदेश में तीन बार की रामपुर खास विधायक आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। साथ ही इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। अजय राय को हटाना भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़कर उनको कड़ी चुनौती दी थी। फिलहाल
प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम से उनकी अनबन की खबरें सामने आ रही थी।