वह बचपन से नानी के साथ रह रही थी। मां की बचपन में ही मौत हो गई थी। पिता अलग रहने लगे थे। अब 30 वर्षीय युवती ने फ्लैट से कूद कर जान दे दी।
Ceime: गाजियाबाद में तीन सगी बहनों के फ्लैट से कूद कर जान देने के बाद अब ग्रेटर नोएडा में एक युवती ने पांचवीं मंजिल से कूद कर जान दे दी। कूदने से पहले इस युवती ने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें इसने लिखा कि महादेव अब मेरी जिंदगी में बचा ही क्या है ? मै अब जी कर ही क्या करूंगी ? पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 के जलपुरा गांवका है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के अनुसार गांव में ट्विंस बिल्डिंग में 30 वर्षीय बरखा अपनी नानी के साथ रहती है। वह मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली थी। बचपन से ही वह नानी के साथ रह रही थी। बचपन में ही मां की मौत हो गई थी और पिता उसे छोड़कर अलग रहने लगे थे। इसके बाद बरखा अपनी नानी के पास आ गई थी। पिछले कई दिनों से वह चुपचाप थी और कम बातें कर रही थी। देर रात अपने फ्लैट की छत पर गई और पांचवी मंजिल से नीचे कूद गई। जब लोगों को इस बात का पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं की जा सकती। मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्य सामने आने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। फिलहाल युवती के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि, "महादेव मेरी जिंदगी में अब कुछ भी नहीं बचा है मैं जीना नहीं चाहती" अंत में लिखा है कि मेरी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार न ठहराया जाए। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अभी गाजियाबाद की घटना के बाद अब जिस तरह से इस युवती ने फ्लैट से कूद कर जान दी है एक बार फिर से तीन बहनों की मौत का मामला भी लोगों के जहन में फिर ताजा हो गया है। गाजियाबाद में तीन बहनों ने फ्लैट की छत से कूद कर जान दे दी थी। पूरे देश में यह मामला सुर्खियों में बना हुआ था। इस ट्रिपल सुसाइड केस में रसिया गेम का एंगल बताया जा रहा था। अब नई बातें निकलकर सामने आ रही हैं। इसी बीच ग्रेटर नोएडा में हुई इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल ये है कि ये घटनाक्रम क्यों हो रहे हैं।