व्यापारी को पैसे बढ़ाने का झांसा दिया गया। फिर एक के बाद एक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कराए। इस तरह करीब 1.3 करोड़ रुपये ठग लिये।
Cyber Crime ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर सहारनपुर के एक व्यापारी से 1.31 करोड़ रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। यह ठगी दो महीने के अंतराल में की गई। अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। इसके बाद जब व्यापारी को पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है तो उसने पुलिस से शिकायत की। साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सहारनपुर ने बेहट अड्डे के पास रहने वाले अंशुल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी फर्म का नाम मंगलम एंटरप्राइजेज है। 29 सितंबर 2025 को केयू कॉइन एप व मिग कॉइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसने ट्रेडिंग की थी। इन एप के जरिए उसने अपना पैसा लगाया था। उसको भरोसा दिलाया गया था कि अच्छा रिटर्न मिलेगा। इस तरह उसने एप के जरिए अलग-अलग खातों में अलग-अलग तारीखों पर रकम ट्रांसफर की। जब डिटेल देखी गई तो पता चला कि 29 सितंबर से 24 नवंबर 2024 के बीच आरटीजीएस और एनएफटी के माध्यम से बिहार की एक फर्म को एक 15 लाख 30 हजार, लखनऊ की एक फर्म को 5 लाख 26 हजार, एक अन्य फर्म को 21 लाख और एक अन्य फर्म को 35 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके बाद मुंबई की एक फर्म को 12 लाख रुपए और लखनऊ की एक अन्य फर्म को 10 लाख रुपए के अलावा कई अन्य फर्मों को पैसा ट्रांसफर किया गया। तरह व्यापारी के साथ करीब 1.31 करोड रुपए की ठगी कर ली गई।
सहारनपुर क्राइम ब्रांच थाने की टीम अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग में सावधानी से निवेश करने की आवश्यकता है। अगर आपको अधिक लालच दिया जा रहा है तो यह ठगी हो सकती है। पहले स्टेप पर ही पुलिस के पास पहुंचे और सावधानी बरतें। इस मामले में व्यापारी ने काफी देरी कर दी और लंबे समय तक वह पैसा लुटाते रहे। अब एक साल बाद पुलिस इस मामले की जांच शुरू करेगी। देखना यह है कि व्यापारी को कितना पैसा वापस मिल पाता है।