
delhi crime news: कैसा रहा होगा वह मंजर, जब पत्नी और बेटे की आंखों के सामने ही एक पति और पिता के प्राण छीन लिए गए हों। वह भी तब, जब पिता अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा हो और अचानक उसे गोली मार दी जाए। देखते ही देखते वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े और उस पिता की हमेशा के लिए आंखें बंद हो जाएं। जी हां, यह कोई कहानी नहीं, बल्कि दिल्ली के नंद नगरी इलाके की एक सच्ची घटना है।
नई दिल्ली के नंद नगरी इलाके में मंगलवार शाम एक 15 के किशोर के साथ मारपीट की घटना सामने आई। बेटे को बचाने पहुंचे उसके पिता की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 35 साल के मोहम्मद उमरदीन अपने परिवार के साथ नंद नगरी इलाके में रहता है। इनके परिवार में पिता अब्दुल रशीद के अलावा दो भाई, पत्नी राबिया, चार बेटी व एक बड़ा बेटा तहजीम है। तहजीम दसवीं कक्षा में पढ़ता है। उसके अभी पेपर चल रहे हैं।
मंगलवार शाम पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र तहजीम घर वापस लौट रहा था। ए-2 ब्लॉक के बड़े स्कूल के पास उसने देखा कि कुछ युवक उसके तीन दोस्तों के साथ मारपीट कर रहे हैं। जैसे ही आरोपियों की नजर तहजीम पर पड़ी, उन्होंने उसे भी पकड़ लिया और उसके साथ भी मारपीट करने लगे। घबराए तहजीम ने तुरंत अपने पिता मोहम्मद उमरदीन को फोन कर घटनास्थल पर बुलाया। सूचना मिलते ही उमरदीन अपनी पत्नी राबिया के साथ मौके पर पहुंच गए। तहजीम बी-2 ब्लॉक में ट्यूशन पढ़ने जाता है।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और पहले हवा में कई बार फायर किए। इसके बाद अचानक उमरदीन के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इधर आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घायल उमरदीन को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। किशोर और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं। उधर, वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा है।
Published on:
18 Feb 2026 01:29 pm
