नई दिल्ली

Dalai Lama: लुटियंस दिल्ली में दलाई लामा का नया ठिकाना, विदेश मंत्रालय की चिट्ठी से खुला राज

Dalai Lama Delhi Bungalow: दिल्ली के पॉश इलाके लुटियंस में दलाई लामा के निजी कार्यालय गाडेन फोड्रंग को सरकारी बंगला मिला है। जानिए विदेश मंत्रालय की चिट्ठी, बंगले के आवंटन और अगले दलाई लामा के चयन में ट्रस्ट की भूमिका से जुड़ी पूरी कहानी।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 10:00 AM IST
Gaden Phodrang Trust
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा, जिनको दिल्ली के लुटियंस इलाके में सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। (फाइल फोटो-IANS)

Lutyens Delhi: तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के कार्यालय को दिल्ली के सबसे खास इलाकों में शामिल लुटियंस दिल्ली में नया ठिकाना मिला है। केंद्र सरकार का यह बंगला देश की सत्ता के प्रमुख केंद्र से करीब तीन किलोमीटर दूर है। खास बात यह है कि इसके लिए विदेश मंत्रालय ने आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय को चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में टाइप-7 श्रेणी का यह बंगला विदेश मंत्रालय को सौंप दिया गया। अब यहां दलाई लामा के निजी कार्यालय 'गाडेन फोड्रंग' की नेमप्लेट लग चुकी है।

यह बंगला 20, पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर है। पिछले कुछ महीनों से यहां मरम्मत और सुरक्षा के काम चल रहे थे। हाल ही में बंगले के बाहर गाडेन फोड्रंग के नाम की नेमप्लेट दिखाई दी। हालांकि, बाहर निर्माण कार्य का मलबा भी पड़ा था। इससे साफ है कि बंगले को पूरी तरह तैयार करने का काम अभी बाकी है।

विदेश मंत्रालय ने क्यों मांगा था बंगला?

इस आवंटन की कहानी विदेश मंत्रालय की एक चिट्ठी से शुरू होती है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल मंत्रालय ने आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय से सरकारी बंगले की मांग की थी। उस समय यह नहीं बताया गया था कि बंगला किसके लिए चाहिए। अक्टूबर 2025 में टाइप-7 बंगला विदेश मंत्रालय को कामकाज के लिए सौंप दिया गया।

बंगले की देखरेख केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) कर रहा है। जुलाई 2026 में विभाग ने यहां सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाने के लिए 34.94 लाख रुपए का टेंडर जारी किया था। इसके तहत चारदीवारी मजबूत करने, कंटीले तार लगाने, पोर्टा केबिन बनाने और मुख्य गेट को मजबूत करने जैसे काम होने हैं। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने इस आवंटन को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया है।

करीब 500 साल पुराना है गाडेन फोड्रंग का इतिहास

गाडेन फोड्रंग सिर्फ दलाई लामा का निजी कार्यालय नहीं है, बल्कि इसका इतिहास भी काफी पुराना है। इसकी शुरुआत 1518 में दूसरे दलाई लामा के समय हुई थी। बाद में पांचवें दलाई लामा के दौर में 1642 में इसी नाम से तिब्बत में सरकार की स्थापना हुई थी।

साल 2011 में दलाई लामा ने अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियां चुने हुए तिब्बती नेतृत्व को सौंप दी थीं। इसके बाद उनके निजी कार्यालय को भारत में एक ट्रस्ट के रूप में रजिस्टर कराया गया।

क्या काम करता है गाडेन फोड्रंग?

गाडेन फोड्रंग दलाई लामा का निजी कार्यालय है। यह उनके कार्यक्रमों, यात्राओं, मुलाकातों और दूसरे कामकाज को संभालता है। दलाई लामा खुद इस ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। यह ट्रस्ट उनकी शिक्षाओं और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ तिब्बती संस्कृति और पहचान को बचाए रखने के लिए भी काम करता है।

अगले दलाई लामा को चुनने में भी होगी भूमिका

गाडेन फोड्रंग ट्रस्ट की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि इसके पास अगले दलाई लामा की पहचान करने की जिम्मेदारी होगी। दलाई लामा ने 21 मई 2025 को जारी अपने बयान में साफ किया था कि उनके बाद भी दलाई लामा की परंपरा जारी रहेगी।

उन्होंने कहा था कि 15वें दलाई लामा की पहचान करने का अधिकार गाडेन फोड्रंग ट्रस्ट के पास होगा। ट्रस्ट तिब्बती बौद्ध परंपराओं के मुताबिक अगले दलाई लामा की पहचान, शिक्षा और देखभाल से जुड़े काम संभालेगा। इस प्रक्रिया में तिब्बती बौद्ध परंपराओं के प्रमुख धर्मगुरुओं से भी सलाह ली जाएगी।

भारत सरकार का क्या है रुख?

दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर भारत सरकार भी अपना रुख साफ कर चुकी है। अगस्त 2025 में राज्यसभा में दिए गए जवाब में विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं से जुड़े मामलों में कोई पक्ष नहीं लेता। सरकार सभी लोगों की धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है। मंत्रालय ने यह भी बताया था कि भारत का यह रुख चीन को भी बता दिया गया है।

ऐसे में दिल्ली के लुटियंस इलाके में गाडेन फोड्रंग के लिए सरकारी बंगला मिलना कई वजहों से चर्चा में है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने अभी तक बंगले के आवंटन की पूरी प्रक्रिया और इसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। यह भी साफ नहीं है कि यहां केवल कार्यालय का काम होगा या दूसरे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Updated on:
24 Nov 2026, 10:00 AM IST
Published on: