नई दिल्ली

2 घंटे तक बेटी और पत्नी को ढूंढता रहा…दरवाजे के पीछे छिपा था मौत का राज, बेड बॉक्स खोलते ही कांप उठा पूरा परिवार

Delhi Crime News: दिल्ली में शुक्रवार को एक व्यक्ति उस समय टूट गया, जब घर लौटने पर पत्नी और बेटी नहीं मिलीं। करीब दो घंटे की तलाश और पूछताछ के बाद दरवाज़ा तोड़ा गया, तो भीतर से दिल दहला देने वाला सच सामने आया। दोनों की हत्या कर शव बेड के बॉक्स में छिपा दिए गए थे।
2 min read
Daughter and wife murdered in Delhi bodies found inside bed

Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एक शख्स पर अचानक कहर टूट पड़ा। दरअसल, वह रोज़ की तरह काम पर गया था और जब घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी और बेटी को घर पर नहीं पाया। उसे लगा कि वे दोनों बिना बताए कहीं गई होंगी। लेकिन वह इस बात से पूरी तरह अनजान था कि उसके परिवार के साथ क्या अनहोनी हो चुकी है। ड्यूटी से लौटने के बाद वह करीब दो घंटे तक उनकी तलाश करता रहा। उसने रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जब घर का दरवाज़ा तोड़ा गया, तो सच्चाई सामने आई। पत्नी और बेटी की हत्या कर दी गई थी और उनके शव बेड के बॉक्स के अंदर छिपा दिए गए थे। यह सब देखने के बाद वहां पर मौजूद लोगों के पैरो तले जमीन खिसक गई।

आपको बता दें कि खौफनाक घटना दक्षिण-पूर्व दिल्ली के सरिता विहार इलाके की है। पीड़ित महिला का पति पास के ओखला इलाके में स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। उसने बताया कि जब वह रात में ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचा, तो फ्लैट का दरवाज़ा अंदर से बंद था। उसने कई बार आवाज़ लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वह करीब दो घंटे तक अपनी पत्नी और बेटी की तलाश करता रहा। उसने रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया कि कहीं वे बिना बताए बाहर तो नहीं गई हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस दंपति के दो अन्य बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं, जो कई घंटों तक कमरे के बाहर बैठे अपनी मां का इंतज़ार करते रहे। जब काफी देर तक मां नहीं लौटी, तो दोनों बच्चे रोने लगे। बच्चों की बेचैनी और घर के हालात देखकर पति को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। उसने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और सभी ने मिलकर फ्लैट का दरवाज़ा तोड़ा। अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था। कमरा बुरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा था। जब तलाशी ली गई, तो बेड के बॉक्स के अंदर से मां और बेटी के शव बरामद हुए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस का बयान

वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पीसीआर कॉल मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत आली विहार स्थित मकान पर पहुंची, जहां से महिला और उसकी बेटी के शव बरामद किए गए। दोनों को जांच के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती मेडिकल परीक्षण में शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं दिखे थे। हालांकि, शनिवार को कराए गए पोस्टमॉर्टम में यह खुलासा हुआ कि दोनों की मौत गला घोंटे जाने और दम घुटने के कारण हुई है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद मौत का असली वजह पता चलेगा। फिलहाल इस मामले में छानबीन की जा रही है।

Published on:
22 Feb 2026 11:16 am