नई दिल्ली

बड़ी खबर : अदालत के निर्देश पर दिल्‍ली की चार हजार फैक्‍ट्रियां होगी सील, चल रहा है सर्वे

इलाके के व्‍यवसायी इसके विरोध पर उतरे हुए हैं। इसलिए टीम भारी पुलिस बल व सीआरपीएफ के साथ सर्वे कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2018, 4:27 PM IST
sealing
बड़ी खबर : अदालत के निर्देश पर दिल्‍ली की चार हजार फैक्‍ट्रियां होगी सील, चल रहा है सर्वे

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग कमेटी ने शुक्रवार को विश्वास नगर व गांधी नगर का दौरा कर इन इलाकों की फैक्‍ट्रियों को सील करने का आदेश दिया है। इसके बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम का शाहदरा दक्षिणी जोन हरकत में आ गया और 15 टीम बनाकर शनिवार से ही सर्वे का काम शुरू कर दिया। प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर कितना मुस्‍तैद है, इसका पता इस बात से चलता है कि रविवार को छुट्टी होने के बावजूद उसने सर्वे का काम जारी रखा है और आज ही इसे पूरा कर लेने के लिए प्रतिबद्ध है। इलाके के व्‍यवसायी इसके विरोध पर उतरे हुए हैं। इसलिए टीम भारी पुलिस बल व सीआरपीएफ के साथ सर्वे कर रही है।

रिहायशी इलाके में व्‍यावसायिक गतिविधियां देखकर अदालत नाराज
मॉनिटरिंग कमेटी ने अपने गांधी नगर और विश्‍वास नगर दौरे के दौरान रिहायशी इलाके में व्यावसायिक गतिविधियां देखकर काफी नाराज था। इसलिए उसने इन इलाकों की सभी फैक्टियों को सील करने का आदेश दिया। बता दें कि इस इलाके में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को सील करने की कार्रवाई फैक्ट्री लाइसेंसिंग विभाग पहले से ही कर रहा है। अब इन पर भवन विभाग भी कार्रवाई करेगा। यह कार्रवाई भवनों का दुरुपयोग करने को लेकर होगी।

इसके बाद गांधी नगर का आएगा नंबर
सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग कमेटी के आदेश के अनुसार, विश्वास नगर के बाद गांधी नगर पर भी कार्रवाई की जाएगी। कमेटी ने इन इलाकों में भी मास्टर प्लान 2021 का उल्लंघन पाया है।

सोमवार को दिया जाएगा नोटिस
खबर है कि यह टीम रविवार रात तक सर्वे का काम पूरा कर लेगी और सोमवार को इन फैक्ट्रियों को 48 घंटे के अंदर सील करने का नोटिस भी जारी कर देगी और बुधवार से सील करने की कार्रवाई शुरू कर देगी। बता दें कि पहले हुए सर्वे के मुताबिक विश्वास नगर में करीब 4000 फैक्ट्रियां हैं। इनमें बिजली के तार, असेंबलिंग, गत्ते और तेजाब आदि की ऐसी फैक्ट्रियां हैं, जिनसे काफी प्रदूषण फैलता है।

Published on: