Delhi Crime News: दिल्ली के मीठापुर इलाके में सोशल मीडिया से जुड़े विवाद के चलते देर रात चाकूबाजी हुई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Delhi Crime News:दिल्ली में जैतपुर इलाके में गुरुवार रात एक बहस ने हिंसा का रूप ले लिया और इसके चलते एक युवक की जान चली गई और दो युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह मामला सोशल मीडिया की एक पोस्ट से जुड़ा हुआ था। सभी युवक आपस में बातचीत और सुलह करने के लिए मिले लेकिन हालात बिगड़ते चले गए और बात चाकू हमले तक पहुंच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और जांच में जुट गई।
पुलिस को 15 जनवरी की रात को मीठापुर में अग्रवाल धर्मशाला के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। खबर जैसे ही मिली, पुलिस तुरंत क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। वहां जाकर पुलिस को पता चला कि इस घटना में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। हॉस्पिटल में तीनों घायलों में से एक युवक, कृष्णा साहू, को मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कृष्णा के घायल दोस्त प्रिंस के बयान के आधार पर हत्या और जानलेवा हमले का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक कृष्णा साहू अपने पूरे परिवार में अकेला कमाने वाला था। पूरे घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। कृष्णा अपने बुजुर्ग माता-पिता और तीन बहनों की जिम्मेदारी संभाल रहा था। परिवार वालों के अनुसार, कृष्णा बहुत शांत स्वभाव का था और वह किसी भी तरह के झगड़े से दूर रहता था। मृतक कृष्णा के ताऊ ने कहा कि वह हर शाम काम से 6 बजे लौट आता था। उस दिन भी वह शाम के समय से घर आ गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसे उसका दोस्त बुलाने आ गया और वह कहकर चला गया कि कुछ देर में घर लौट आएगा। लेकिन वह नहीं लौटा और रात के10 बजे उन्हें उसके मरने की खबर दी गई।
कृष्णा के घायल दोस्त सन्नी, जो 21 साल का था और प्रिंस, जो 19 साल का है, दोनों जैतपुर इलाके के रहने वाले हैं। उन दोनों में से सन्नी की हालत ज्यादा गंभीर है। उसके पेट और जांघ पर चाकू से हमला होने की वजह से स्थिति थोड़ी नाजुक है। दूसरे घायल दोस्त प्रिंस को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई है।
प्रिंस ने पुलिस को बताया कि मीठापुर में रहने वाले दीपक कुमार से काफी समय से उसका झगड़ा चल रहा था। उसने आरोप लगाया कि दीपक ने उसकी गर्लफ्रेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया था। इसके बाद वह लगातार प्रिंस को गालियां देकर और ताने मारकर परेशान करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार बहस और कहासुनी हो चुकी थी। धीरे-धीरे यह मामला इतना बढ़ गया कि आमने-सामने दुश्मनी बन गई और वही रंजिश आखिरकार इस खौफनाक वारदात की वजह बन गई।
प्रिंस ने बताया कि 15 जनवरी की रात को दीपक ने इसी विवाद को सुलझाने के लिए उसे धर्मशाला के पास बुलाया था। इस वजह से प्रिंस वहां अपने दो दोस्तों, कृष्णा और सन्नी, के साथ वहां पहुंचा। मौके पर पहले से ही दीपक और उसके दोस्त मौजूद थे। शुरुआत में उन लोगों के बीच में समझौते के लिए ही बातें हुईं, लेकिन उसके बाद उनकी बातें बहस में तब्दील हो गईं। थोड़ी देर बाद ही उस बहस ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि इतनी बड़ी वारदात हो गई।
इस मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दीपक कुमार, आशीष, नीरज कुमार समेत पांच नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू, वारदात के वक्त पहने कपड़े और एक दोपहिया वाहन भी बरामद किया गया। सभी नाबालिगों को जेजे बोर्ड के सामने पेश किया गया है।