
Delhi Police IFSO: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की IFSO यूनिट ने पांच साल पुराने साइबर ठगी के मामले में जामताड़ा गैंग से जुड़े दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फर्जी बैंक वेबसाइट के जरिए दिल्ली के एक व्यक्ति से करीब 27 लाख रुपये ठगने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी (30) और मोहम्मद अरशद अंसारी (29) के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों ने 30 अक्टूबर को दिल्ली की एक अदालत के सामने आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी बैंक वेबसाइट तैयार करने और नकली कस्टमर केयर के जरिए लोगों को ठगने में अहम भूमिका निभाई थी। मामला दिल्ली निवासी विश्वजीत पॉल से जुड़ा है, जो चेक से संबंधित जानकारी हासिल करना चाहते थे। इसी दौरान वह गिरोह की बनाई फर्जी वेबसाइट के जाल में फंस गए। पुलिस के मुताबिक, वेबसाइट Canara Bank की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखाई देती थी और उसमें बैंक का लोगो और मिलता-जुलता लेआउट इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, फर्जी वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद एक नकली टेली-कॉलर ने पीड़ित से बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगी। जानकारी मिलते ही आरोपियों ने उसके खाते से 27.10 लाख रुपये निकालकर आठ अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें ठगी की रकम के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने, खातों को संभालने और रकम को निकालने व ट्रांसफर करने में मदद करने वाले आरोपी शामिल थे।दो आरोपी लंबे समय से चल रहे थे फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में बहारुद्दीन अंसारी और बसरुद्दीन अंसारी समेत दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। बाद में छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो फिलहाल नियमित जमानत पर हैं। हालांकि, मेहरुद्दीन अंसारी और अरशद अंसारी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। दोनों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने कई बार छापेमारी की, लेकिन वे लगातार ठिकाने बदलकर बचते रहे। अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था। पुलिस के मुताबिक, लगातार प्रयासों के बाद दोनों ने 30 अक्टूबर को अदालत के सामने सरेंडर किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।