नई दिल्ली

डेटिंग ऐप पर 67 साल के बुजुर्ग को फंसाया, डिनर के बाद मोबाइल चोरी कर खाते से उड़ाए 1.30 लाख रुपए

Delhi Dating App Fraud: दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए 67 साल के बुजुर्ग को फंसाकर 1.30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने फर्जी प्रोफाइल बनाकर मुलाकात करने वाली दो युवतियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Dating App Scam
डेटिंग ऐप के जरिए बुजुर्ग से 1.30 लाख की ठगी मामले में दो युवतियां गिरफ्तार। (फोटो सोर्स-IANS)

Delhi Crime News:दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए एक 67 साल के बुजुर्ग को ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने पहले फर्जी पहचान के साथ डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाई और फिर बुजुर्ग से दोस्ती की। बातचीत बढ़ने के बाद मुलाकात तय हुई और इसी दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। इसके बाद उनके बैंक खातों से करीब 1.30 लाख रुपए निकाल लिए गए।

पुलिस के मुताबिक, मामला दक्षिण-पश्चिम दिल्ली का है। बुजुर्ग की शिकायत के बाद 25 जुलाई को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि डेटिंग ऐप के जरिए उनकी एक महिला से बातचीत शुरू हुई थी। बाद में दोनों के बीच टेलीग्राम पर भी बात होने लगी।

फर्जी प्रोफाइल बनाकर शुरू की दोस्ती

दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी युवती ने कथित तौर पर डेटिंग ऐप पर एक नकली नाम से प्रोफाइल बनाई थी। इसी प्रोफाइल के जरिए उसने बुजुर्ग से संपर्क किया। कुछ समय बातचीत करने के बाद मुलाकात की योजना बनाई गई।

इसके बाद एक दूसरी युवती को भी इस पूरे मामले में शामिल किया गया। आरोप है कि दूसरी युवती ने खुद को उसी महिला के तौर पर पेश किया, जिससे बुजुर्ग की ऐप पर बातचीत हुई थी।

रेस्टोरेंट में डिनर के बाद गायब हुआ मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग 20 जुलाई को दोनों महिलाओं से मिले थे। इसके बाद 24 जुलाई को तीनों दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी इलाके में एक रेस्टोरेंट में पहुंचे और साथ में खाना खाया।

डिनर के बाद जब बुजुर्ग वहां से निकल रहे थे, तभी उनका मोबाइल फोन कथित तौर पर चोरी हो गया। इसके कुछ ही समय बाद उनके दो बैंक खातों से UPI के जरिए 1.30 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए गए।

CCTV ने खोला पूरा राज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेन-देन, CCTV फुटेज और मोबाइल से जुड़ी तकनीकी जानकारी खंगाली। पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम पहले एक आरोपी के खाते में गई और वहां से दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई।

जांच में यह भी सामने आया कि करीब 90 हजार रुपए ATM से निकाले गए थे। CCTV फुटेज में दो महिलाएं पैसे निकालती दिखाई दीं। इसी फुटेज और बैंक ट्रांजैक्शन ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की।

दोनों आरोपी दिल्ली की रहने वाली

पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय ज्योत्सना और 21 वर्षीय मानशी को गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस का आरोप है कि ज्योत्सना ने फर्जी डेटिंग प्रोफाइल बनाई थी, जबकि मानशी ने कथित तौर पर उसी महिला की पहचान बनाकर बुजुर्ग से मुलाकात की।

जांच में यह भी पता चला कि चोरी किया गया मोबाइल बाद में नष्ट कर दिया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Updated on:
19 Aug 2026 11:38 am
Published on:
19 Aug 2026 11:38 am