नई दिल्ली

दिल्ली से देहरादून अब सिर्फ 2.5 घंटे में! छह लेन वाले एक्सप्रेसवे पर भरें फर्राटा, जानें नया रूट और खासियतें

Delhi Dehradun Expressway Details: दिल्ली और देहरादून के बीच का सफर अब पहले से कहीं ज्यादा सुगम और तेज हो गया है। नए 6-लेन दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के साथ यात्रियों को अब लंबे जाम और थकान भरे सफर से भी निजात मिल गई है।

2 min read
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ (Photo: IANS/File)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (14 अप्रैल) दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे (Delhi To Dehradun Expressway) का उद्घाटन किया। 213 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला यह नया एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक पहुंचेगा। जहां पहले इस दूरी को तय करने में 6 घंटे से अधिक का समय लगता था, वहीं अब यह दूरी महज ढाई घंटे में सिमट जाएगी। पूरे रूट पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए रेस्ट स्टॉप्स (विश्राम स्थल) , चार्जिंग स्टेशन और इमरजेंसी जरूरतों की व्यवस्था की गई है।

एक्सप्रेसवे का रूट और मुख्य विशेषताएं

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों से होकर गुजरता है। इस एक्सप्रेसवे पर हाई स्पीड कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), चार प्रमुख पुल और सड़क किनारे 12 जन सुविधाओं का निर्माण भी किया गया है।

यात्रियों के लिए सुरक्षित और अधिक कुशल यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएम) से लैस है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है, जो राजाजी नेशनल पार्क के पास से गुजरता है। यह एशिया का सबसे लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर कहा जा रहा है, जिसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि नीचे जंगल के जानवरों की आवाजाही में कोई बाधा न आए और ऊपर वाहन अपनी रफ्तार से दौड़ सकें।

जानवरों के लिए खास इंतजाम

अधिकारिक बयान में कहा गया है, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर में पड़ने वाले क्षेत्रों की पारिस्थितिक संवेदनशीलता, समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीवों को ध्यान में रखते हुए कई विशेषताओं के साथ डिजाइन किया गया है। जंगली जानवरों की आवाजाही, वन्यजीव संरक्षण के लिए परियोजना में कई विशेष सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें 12 किमी लंबा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। कॉरिडोर में आठ पशु मार्ग, 200 मीटर लंबे दो हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग भी शामिल है।

दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा प्रमुख पर्यटन और आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क बढ़ाकर और पूरे क्षेत्र में व्यापार और विकास के नए रास्ते खोलकर क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुभारंभ के बाद पीएम मोदी ने कहा, "उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। आज दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ इस प्रगति में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। मुझे बहुत खुशी है कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और उत्तराखंड के लोगों के परिश्रम से यह युवा राज्य विकास के नए आयाम जोड़ रहा है। यह परियोजना भी प्रदेश की प्रगति को नई गति देगा।"

Updated on:
14 Apr 2026 02:34 pm
Published on:
14 Apr 2026 01:37 pm
Also Read
View All