
Firecracker Accident: दिल्ली में दिवाली की रात एक परिवार के लिए ऐसा दर्द छोड़ गई, जिसे शायद वह जिंदगीभर नहीं भूल पाएगा। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब बेटे की मौत का मातम है। 10 साल का ऋषि दिवाली पर पटाखे जला रहा था, तभी एक हादसे में उसकी जान चली गई। बेटे को खोने वाली मां अंजलि का कहना है कि जब वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तब उसकी सांसें चल रही थीं। उन्हें उम्मीद थी कि डॉक्टर उनके बच्चे को बचा लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस घटना के बाद पत्रकार राणा अय्यूब की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई है।
यह हादसा 8 नवंबर की रात दिल्ली के नरेला इलाके में हुआ। ऋषि अपने घर के बाहर अनार और स्काई शॉट्स जैसे पटाखे जला रहा था। आसपास भी लोग आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आया एक पटाखा उसके सीने में जा लगा। चोट लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
बेटे की मौत के बाद मां अंजलि ने बताया कि उस रात की पूरी घटना बताई। उन्होंने कहा कि उनका बेटा पटाखे जला रहा था, तभी पीछे से आए एक पटाखे ने उसके सीने पर चोट पहुंचाई। इससे उसकी नसों को नुकसान हुआ। अंजलि के मुताबिक, हादसे के बाद भी उनका बेटा सांस ले रहा था। इसी उम्मीद में परिवार उसे लेकर अस्पताल पहुंचा कि डॉक्टर इलाज करके उसकी जान बचा लेंगे।
हालांकि, मां का आरोप है कि अस्पताल में उनके बेटे को सही समय पर इलाज नहीं मिला। उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों पर परिवार को डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया है। अब परिवार इस मामले में इंसाफ की मांग कर रहा है।
ऋषि के बड़े भाई ने भी अस्पताल के रवैये पर नाराजगी जताई है। उसका आरोप है कि गंभीर हालत में भाई को अस्पताल ले जाने के बावजूद उसे समय पर सही इलाज नहीं मिला। परिवार का कहना है कि अगर तुरंत इलाज शुरू हो जाता तो शायद ऋषि की जान बच सकती थी। जिस भाई के साथ वह दिवाली मना रहा था, अब उसी की यादें उसके पास रह गई हैं।
इस घटना पर पत्रकार राणा अय्यूब ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट की। उन्होंने लिखा, 'यह बेहद दुखद है, लेकिन हम इस पर नाराजगी भी जाहिर नहीं कर सकते, क्योंकि हम क्रिसमस और ईद की निंदा नहीं करते।'
राणा अय्यूब की इस टिप्पणी को दिवाली पर पटाखों से होने वाली घटनाओं और दूसरे त्योहारों के दौरान होने वाली प्रतिक्रियाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है। उनकी पोस्ट ने इस घटना को लेकर एक नई बहस भी छेड़ दी है।
एक तरफ मां अपने बेटे को खोने का दर्द झेल रही है, तो दूसरी तरफ इस हादसे ने पटाखों से बच्चों की सुरक्षा और अस्पतालों में मिलने वाले इलाज पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऋषि के परिवार के लिए अब दिवाली की खुशियों की जगह बेटे की यादें रह गई हैं।