Delhi Satta Bazar: नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, कालकाजी से दिल्ली की सीएम आतिशी और जंगपुरा से पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया चुनावी मैदान में हैं। फलोदी सट्टा बाजार के पूर्वानुमान में ये तीनों सीटें आम आदमी पार्टी जीत रही है।
Delhi Satta Bazar: दिल्ली चुनाव 2025 का रिजल्ट आने में अब 24 घंटे से कम समय ही बचा है। इसके साथ ही दिल्ली की नई सरकार पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि दिल्ली में मतदान के बाद आए ज्यादातर एग्जिट पोल्स में इस बार भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। लेकिन आम आदमी पार्टी इसे खारिज कर रही है। इस सबके बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की सीएम आतिशी और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की विधानसभा सीटों के परिणाम की चर्चा ने भी जोर पकड़ लिया है। यह तीनों दिल्ली की मोस्ट वीआईपी सीटें मानी जा रही हैं। अब मतगणना से ठीक पहले फलोदी सट्टा बाजार ने इन सीटों को लेकर अपना पूर्वानुमान जारी किया है।
दिल्ली की तीन मोस्ट वीआईपी सीटों पर राजस्थान के फलोदी सट्टा बाजार ने अपना पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के चुनाव जीतने का अनुमान है। ज्यादातर सटोरियों का मानना है कि भाजपा के प्रवेश वर्मा मामूली अंतर से चुनाव हार रहे हैं। जबकि दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से सीएम आतिशी चुनाव मैदान में हैं। इनके खिलाफ भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा चुनाव लड़ रही हैं। फलोदी सट्टा बाजार के सटोरियों की मानें तो आतिशी को यहां जीत मिलने का अनुमान है। इसके अलावा जंगपुरा विधानसभा सीट पर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के जीतने की संभावना ज्यादा दिखाई दे रही है।
राजस्थान के मशहूर फलोदी सट्टा बाजार के ताजा आंकड़ों में कांग्रेस के लिए अच्छी खबर है। फलोदी सट्टा बाजार के सटोरियों के अनुसार 10 साल बाद दिल्ली में कांग्रेस का भी खाता खुलने का अनुमान है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी इस बार भी दिल्ली में सरकार बनाती दिख रही है। हालांकि पार्टी को 22 से 25 सीटों का नुकसान जरूर हो रहा है। फलोदी सट्टा बाजार ने आम आदमी पार्टी को 37-39 सीटें, भाजपा को 32-34 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही मुंबई सट्टा बाजार ने भी दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का पूर्वानुमान बताया है। हालांकि इस बार आम आदमी पार्टी और भाजपा में कड़ी टक्कर जरूर मानी जा रही है।
दिल्ली चुनाव 2025 को लेकर दिल्ली के सट्टा बाजार ने राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान लगाया है। दिल्ली सट्टा बाजार ने आम आदमी पार्टी को 38-40, भारतीय जनता पार्टी को 30-32 दी हैं। हालांकि दिल्ली सट्टा बाजार ने कांग्रेस को एक भी सीट नहीं दी है। दिल्ली में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 36 सीटें लानी जरूरी हैं। इसके अलावा गुजरात के सट्टा बाजार ने भी अपने पूर्वानुमान में आम आदमी पार्टी को 38-40 सीटें मिलने का अनुमान बताया है। जबकि भाजपा को 30-32 दी हैं। गुजरात के सट्टा बाजार ने भी कांग्रेस को दिल्ली में कोई सीट नहीं दी है।
नोट : यहां पर दी गई जानकारी फलोदी में सट्टा बाजारों के जानकारों के माध्यम से दी गई है। हमारा उद्देश्य सट्टा को किसी भी प्रकार से प्रोत्साहन करना नहीं है।