नई दिल्ली

एक लाख के नकली नोट सिर्फ 25 हजार में! दिल्ली के गेस्ट हाउस में चल रहा था बड़ा खेल, बिहार के दो युवक गिरफ्तार

Delhi Fake Currency Racket: दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज के एक गेस्ट हाउस में छापा मारकर नकली करेंसी के कारोबार का खुलासा किया है। बिहार के मुजफ्फरपुर के दो युवक गिरफ्तार किए गए हैं। उनके पास से 2.65 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए। आरोपी एक लाख रुपए के नकली नोट 25 से 30 हजार रुपए में बेचने की तैयारी में थे।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 10:39 AM IST
Delhi Police Crime News
दिल्ली के पहाड़गंज स्थित गेस्ट हाउस से बरामद नकली नोटों के साथ आरोपी। (फोटो सोर्स-IANS)

Delhi Police Crime News: एक लाख रुपए के नकली नोट सिर्फ 25 से 30 हजार रुपए में बेचने का सौदा हो रहा था। दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज के एक गेस्ट हाउस में छापा मारकर नकली करेंसी के इस धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2.65 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की टीम को सूचना मिली थी कि नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े कुछ लोग पहाड़गंज के नीलम गेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं। इस पर पुलिस ने वहां छापा मारा और दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 लाख 65 हजार रुपए की नकली भारतीय करेंसी मिली।

एक लाख के नकली नोटों के लिए 25 से 30 हजार का सौदा

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी नकली नोटों को बाजार में चलाने की तैयारी में थे। इसके लिए एक लाख रुपए की नकली करेंसी 25 से 30 हजार रुपए में देने का सौदा किया जा रहा था। यानी कम कीमत का लालच देकर नकली नोट आगे पहुंचाने की योजना थी।

जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी नकली करेंसी से जुड़े मामले में शामिल रह चुका है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दोनों युवक नकली नोट कहां से लाए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाना था।

सप्लायर तक पहुंचने में जुटी पुलिस

दोनों आरोपियों के मुजफ्फरपुर का रहने वाला होने से पुलिस की जांच बिहार तक पहुंच गई है। पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने कथित तौर पर उन्हें नकली नोट मुहैया कराए थे। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पहाड़गंज के गेस्ट हाउस से मिली इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस का जोर अब नकली करेंसी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सप्लायर और इस कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Updated on:
6 Nov 2026, 10:39 AM IST
Published on: