
AAP Party Protest: दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में इस समय भारी बवाल मचा हुआ है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के अस्पतालों में कोई छोटा-मोटा नहीं, बल्कि पूरे 650 करोड़ रुपये का 'दवा और स्वास्थ्य घोटाला' हुआ है। GTB अस्पताल के बाहर धरना दे रहे AAP नेताओं ने एक और चौंकाने वाला दावा किया है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों की दवाइयों, एक्स-रे मशीन और बेड की चादरों का पैसा खाने वाला इस घोटाले का असली मास्टरमाइंड देश छोड़कर जर्मनी भाग चुका है। इसी वजह से आज गरीब मरीजों को अस्पतालों में दवाइयां तक नहीं मिल पा रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बात करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से उनकी पार्टी दिल्ली के अलग-अलग बड़े अस्पतालों के बाहर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज गरीब मरीजों को अस्पतालों में मुफ़्त दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं, उसके पीछे एक बहुत बड़ी साजिश और भ्रष्टाचार है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की 'रेखा गुप्ता सरकार' (MCD) ने स्वास्थ्य विभाग में करीब 650 करोड़ रुपए का भारी-भरकम घोटाला किया है।
सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, अस्पतालों के लिए सिर्फ 100 करोड़ रुपए की दवाइयां खरीदी गईं, लेकिन कागजों पर इसके लिए सीधे 400 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया। इसका सीधा मतलब यह है कि 100 करोड़ की दवाई के चक्कर में पूरे 300 करोड़ रुपए का मोटा कमीशन खाया गया है।
'आप' नेता ने आगे कहा कि यह भ्रष्टाचार सिर्फ दवाइयों तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने आंकड़े रखते हुए दावा किया कि एक्स-रे मशीनों की खरीद में भी करीब 103 करोड़ रुपए का कमीशन डकार लिया गया। हद तो तब हो गई जब मरीजों के बेड पर बिछने वाली चादरों को भी नहीं छोड़ा गया। उसमें भी करीब 50 करोड़ रुपए के घोटाले की बात कही जा रही है। इस तरह कुल मिलाकर जनता के टैक्स के साढ़े छह सौ करोड़ रुपए का चूना लगाया गया है। फिलहाल इस प्रदर्शन के बाद दिल्ली की सियासत में हलचल हो गई है।