नई दिल्ली

Delhi-Jaipur Highway Accident: डंपर ने लगाए अचानक ब्रेक, पीछे से टकराते ही धू-धू कर जलने लगा परचून से भरा कैंटर, लाखों का नुकसान

Delhi-Jaipur Highway Accident: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर डंपर से टकराने के बाद परचून के सामान से भरे कैंटर में आग लग गई। चालक और परिचालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
2 min read
Delhi Jaipur Highway Canter Fire
प्रतीकात्मक तस्वीर

Delhi Jaipur Highway Canter Fire: शनिवार सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सांवरिया होटल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारीे के अनुसार दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा परचून के सामान से भरा कैंटर आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गया। बताया जा रहा है कि डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे, जिससे पीछे आ रहा कैंटर अनियंत्रित हो गया और आगे रुके डंपर से जा भिड़ा। टक्कर लगने के बाद कैंटर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।

दूर तक दिखा धुआं

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कैंटर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। जानकारी के अनुसार कैंटर में परचून का सामना भरा हुआ था जिस वजह से आग और ज्यादा तेजी से फैलती चली गई। हाईवे पर वाहन से उठती हुई लपटें और धुएं का गुबार दूर से साफ दिखाई दे रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

समय रहते वाहन से बाहर निकले चालक-परिचालक

राहत की बात यह रही कि कैंटर में सवार चालक और परिचालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। आग तेजी से फैलने के कारण कैंटर के पास जाना भी मुश्किल हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कैंटर और उसमें रखा परचून का सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था, जिस वजह से लाखों रुपयों का नुकासन हुआ।

बता दें कि कैंटर में लगी आग के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आग बुझाए जाने के बाद पुलिस ने जले हुए वाहन को हटवाया और यातायात को दोबारा सामान्य कराया।

Updated on:
11 Jul 2026 01:03 pm
Published on:
11 Jul 2026 12:59 pm