
Karol Bagh building collapse: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक इमारत के अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में किसी और के फंसे होने की आशंका के चलते राहत व बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर गोपाल मीणा ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि फायर विभाग को प्यारेलाल रोड स्थित ज्वैलर्स के पास हादसा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। फायर ऑफिसर के मुताबिक, उनके पहुंचने से पहले ही 2 से 3 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए पास के जीवनमाला अस्पताल भेज दिया गया था। मलबे के नीचे किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका के चलते सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त इमारत काफी पुरानी और बेहद खस्ताहाल (दिलापिडेटेड) स्थिति में थी। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त इमारत में डिमोलिशन यानी तोड़फोड़ का काम चल रहा था। शुरुआती जांच में इमारत के जर्जर ढांचे और बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के किए जा रहे काम को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।