
DMRC Metro Timing: दिवाली के मौके पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। 8 नवंबर 2026 (रविवार) को दिवाली के दिन सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी मेट्रो सामान्य समय से एक घंटे पहले रवाना होगी। यात्रियों को दिवाली के दौरान मेट्रो सेवा में किए गए इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
DMRC के मुताबिक, दिवाली के दिन सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी। आम दिनों में आखिरी मेट्रो के टर्मिनल स्टेशन से रवाना होने का निर्धारित समय रात 11 बजे होता है। यह बदलाव एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी लागू रहेगा।
दिवाली के दिन कुछ मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा भी सामान्य रविवार के मुकाबले एक घंटे पहले शुरू होगी। पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन पर रविवार को सामान्य तौर पर सुबह 7 बजे शुरू होने वाली सेवा अब सुबह 6 बजे से शुरू होगी। पिंक लाइन पर मजलिस पार्क-मजलिस पार्क/शिव विहार, मैजेंटा लाइन पर बॉटनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क-दीपाली चौक तथा ग्रे लाइन पर द्वारका सेक्टर-21/द्वारका-ककरोला-धांसा बस स्टैंड से संबंधित टर्मिनल सेवाओं के समय में यह बदलाव किया गया है। DMRC ने बताया कि यह व्यवस्था दिवाली के अवसर पर यात्रियों की सुविधा और त्योहार के दौरान होने वाले आयोजनों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
मेट्रो के समय में बदलाव को देखते हुए DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। खासतौर पर शाम और रात के समय सफर करने वाले यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि रात 10 बजे के बाद टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
DMRC ने यात्रियों को मेट्रो से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल देखने की सलाह दी है। त्योहार के दिन यात्रा से पहले ट्रेन के समय की जानकारी जांचने से यात्रियों को किसी तरह की परेशानी से बचने में मदद मिलेगी।